बीकानेर: मिठाई की दुकान से 1.372 किलो डोडा पोस्त चूरा बरामद, 24 वर्षीय दुकानदार गिरफ्तार
बीकानेर: जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पांचू थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मिठाई की दुकान से 1372 ग्राम डोडा पोस्त चूरा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में 24 वर्षीय दुकानदार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर डोडा पोस्त चूरा की पुड़िया बनाकर नशा करने वालों को बेचने का आरोप है।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने बरामद मादक पदार्थ जब्त कर आरोपी के खिलाफ पांचू पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
ऑपरेशन नीलकंठ के तहत कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई नशे के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत की गई। पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित एक दिवसीय विशेष सघन अभियान के दौरान बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और शिक्षण संस्थानों के आसपास भी चेकिंग अभियान चलाया गया।
एएसपी के निर्देशन में पुलिस टीम ने की कार्रवाई
यह कार्रवाई एएसपी बीएल मीणा के निर्देशन में तथा पांचू थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मामले में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं।
Aapni Awaj | Bikaner Crime News






