बीकानेर. संभाग के सबसे बड़े सरकारी अस्पताल पीबीएम की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। गुरुवार को पोस्ट कोविड वार्ड की छत पर कॉपर पाइप चोरी करते हुए एक युवक को रंगेहाथ पकड़ लिया गया। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
गार्ड की सतर्कता से पकड़ में आया आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पोस्ट कोविड वार्ड की छत पर तैनात गार्ड की नजर एक संदिग्ध युवक पर पड़ी, जो कॉपर पाइप निकाल रहा था। गार्ड के शोर मचाते ही युवक छत से कूदकर भाग निकला। इसके बाद अस्पताल के कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों ने उसका पीछा किया।
भागते-भागते आरोपी ट्रॉमा सेंटर तक पहुंच गया, जहां अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया के निर्देश पर कर्मचारियों और स्टाफ ने उसे घेरकर पकड़ लिया।
नाम-पता बताने से किया इनकार, कर्मचारियों को दी धमकी
सूत्रों के अनुसार पकड़े जाने के बाद युवक अपना नाम-पता बताने से बचता रहा। इतना ही नहीं, उसने कर्मचारियों को चाकू मारने की धमकी भी दी, जिससे कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। घटना की सूचना पुलिस को भी दी गई।
संगठित गिरोह की आशंका
अस्पताल कर्मचारियों का दावा है कि पकड़ा गया युवक पिछले करीब एक सप्ताह से पीबीएम अस्पताल के विभिन्न हिस्सों में चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। आशंका जताई जा रही है कि अस्पताल से लोहे, कॉपर और अन्य कीमती सामान की चोरी के पीछे किसी संगठित गिरोह का हाथ हो सकता है।
सुरक्षा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
कर्मचारियों का कहना है कि यदि पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ करे तो अस्पताल में लंबे समय से हो रही चोरी की कई घटनाओं का खुलासा हो सकता है। घटना के बाद कर्मचारियों और मरीजों ने अस्पताल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।



