पीबीएम ट्रॉमा सेंटर में मरीज के परिजनों और नर्सिंग स्टाफ में हाथापाई, कार्य बहिष्कार
बीकानेर। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में शनिवार को मरीज के परिजनों और नर्सिंग स्टाफ के बीच तनातनी के बाद हंगामे की स्थिति बन गई। बताया जा रहा है कि विवाद के दौरान दोनों पक्षों के बीच हाथापाई भी हुई। घटना के बाद नर्सिंग स्टाफ ने कार्य बहिष्कार कर दिया।
इंजेक्शन को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार सड़क हादसे में घायल एक मरीज को ट्रॉमा सेंटर लाया गया था। मरीज को इंजेक्शन लगाने की बात को लेकर उसके रिश्तेदारों और नर्सिंग स्टाफ के बीच विवाद शुरू हुआ।
बताया जा रहा है कि संबंधित इंजेक्शन आपातकालीन केंद्र पर उपलब्ध नहीं था। नर्सिंग स्टाफ ने मरीज के रिश्तेदार को इंजेक्शन डीडीसी से लाने के लिए कहा था। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में तनातनी बढ़ गई।
हाथापाई के बाद नर्सिंग स्टाफ का कार्य बहिष्कार
विवाद बढ़ने के बाद मरीज के रिश्तेदारों और नर्सिंग स्टाफ के बीच हाथापाई होने की बात सामने आई है। इसके बाद नर्सिंग स्टाफ ने कार्य बहिष्कार कर दिया।
घटना की सूचना के बाद अस्पताल प्रशासन की ओर से मामले को संभालने के प्रयास किए जा रहे हैं। विवाद के कारण ट्रॉमा सेंटर की व्यवस्था पर भी असर पड़ने की जानकारी सामने आई है।




