असली मालिक की जगह पेश किया दूसरा व्यक्ति! बीकानेर में भूखंड फर्जीवाड़े का केस

12 Aug 2026 BIKANER
Advertisement
बीकानेर। आवासीय भूखंड को लेकर कथित फर्जीवाड़े का मामला सामने आया है। आरोप है कि भूखंड के वास्तविक मालिक की जगह किसी अन्य व्यक्ति को पेश कर कूटरचित दस्तावेज तैयार करवाए गए और फर्जी बेचाननामा बनवाकर भूखंड हड़पने का प्रयास किया गया। मामले में बीछवाल थाने में प्रकरण दर्ज कराया गया है।

परिवादी बुलाकीदास उर्फ आनंदराज पुत्र मघाराम सुथार, निवासी तेरापंथ भवन के सामने गंगाशहर ने पुलिस को रिपोर्ट दी है। परिवादी के अनुसार ग्राम किसमीदेसर में खसरा नंबर 262 और 319 में उसका करीब 24,039.64 वर्गफीट का आवासीय भूखंड स्थित है। नगर विकास न्यास, बीकानेर की ओर से रूपांतरण शुल्क जमा करवाने के बाद 26 फरवरी 2015 को थॉमस नगर योजना के तहत भूखंड का पट्टा क्रमांक 572 जारी किया गया था।

Advertisement

भूखंड के सौदे के बाद विवाद का आरोप

रिपोर्ट के मुताबिक परिवादी का आरोप है कि उसके भूखंड को लेकर अशोक धारीवाल, शारदा धारीवाल और राहुल धारीवाल सहित अन्य लोगों से सौदा हुआ था। सौदे के दौरान 10 लाख रुपए पहले देने की बात तय होने का आरोप है। परिवादी के अनुसार तय शर्तों के मुताबिक राशि का भुगतान नहीं किया गया।

इसके बाद आरोपियों द्वारा कथित तौर पर परिवादी की जगह किसी अन्य व्यक्ति को पेश किए जाने का आरोप लगाया गया है। परिवादी का कहना है कि उसकी पहचान का गलत इस्तेमाल करते हुए भूखंड से संबंधित फर्जी एवं कूटरचित बेचाननामा तैयार करवाया गया।

असली मालिक की जगह दूसरे व्यक्ति को पेश करने का आरोप

परिवादी ने आरोप लगाया कि दस्तावेजों में हेराफेरी की गई और वास्तविक भूखंड मालिक की जगह किसी अन्य व्यक्ति को पेश कर दस्तावेज तैयार करवाए गए। आरोप है कि इन दस्तावेजों का इस्तेमाल भूखंड पर अधिकार हासिल करने के उद्देश्य से किया गया।

मामले में अशोक धारीवाल पुत्र हस्तीमल धारीवाल, शारदा धारीवाल पत्नी अशोक धारीवाल और राहुल धारीवाल पुत्र अशोक धारीवाल के अलावा गौतम बांठिया पुत्र पुखराज बांठिया, दाऊलाल रंगा पुत्र श्रीलाल रंगा तथा किशनलाल सुथार पुत्र देवीकिशन सुथार के नाम भी रिपोर्ट में सामने आए हैं।

मिलीभगत कर भूखंड हड़पने का आरोप

परिवादी का आरोप है कि सभी आरोपियों ने आपस में मिलीभगत कर भूखंड को हड़पने की नीयत से कथित फर्जी दस्तावेज तैयार करवाए और उनका इस्तेमाल किया। मामले में पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Advertisement
Share: