बीकानेर पुलिस का बड़ा ऐलान, 4 फरार आरोपियों पर ₹5-5 हजार का इनाम घोषित
बीकानेर: लंबे समय से फरार चल रहे चार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए बीकानेर पुलिस ने नकद इनाम घोषित किया है। पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शुक्रवार को आदेश जारी कर प्रत्येक आरोपी पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
जारी आदेश के अनुसार जिन लोगों की सूचना या सहयोग से इन आरोपियों की गिरफ्तारी होगी, उन्हें निर्धारित नकद इनाम दिया जाएगा। गिरफ्तारी में सहयोग करने या आरोपियों के संबंध में सही एवं पुख्ता सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। इनाम वितरण का अंतिम निर्णय पुलिस अधीक्षक द्वारा किया जाएगा।
इनाम घोषित किए गए आरोपियों में खाजूवाला थाना क्षेत्र के एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार मखन सिंह, बीछवाल थाना क्षेत्र के वांछित जोरासिंह, जसवीर उर्फ मामी उर्फ बॉस तथा पूगल थाना क्षेत्र के एनडीपीएस एक्ट के मामले में फरार थानसिंह उर्फ खानूसिंह शामिल हैं। चारों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया है।
बीकानेर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इन फरार आरोपियों के संबंध में किसी के पास कोई जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी पुलिस थाने या बीकानेर पुलिस को सूचना दें, ताकि उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।



