बीकानेर। जिले के पूगल थाना क्षेत्र में सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात चोर घर के ताले तोड़कर लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, दुकान का सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शादी समारोह में गया था पूरा परिवार
पुलिस के अनुसार वार्ड नंबर 9, पूगल निवासी अर्जुनलाल सोनी पुत्र हरिराम सोनी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है। परिवादी ने बताया कि 20 जुलाई को वह अपने पूरे परिवार के साथ एक शादी समारोह में शामिल होने गया था। इस दौरान मकान पूरी तरह बंद था।
24 जुलाई की रात जब परिवार वापस लौटा तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे और घर का सामान बिखरा पड़ा था।
सोने-चांदी के गहने और नकदी चोरी
परिवादी के अनुसार चोर करीब 1800 ग्राम चांदी का सामान, 10 ग्राम सोने के आभूषण, 150 ग्राम चांदी की पाजेब, दुकान का सामान तथा 7 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना के बाद परिवार में हड़कंप मच गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर पूगल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। मामले की जांच एएसआई धर्माराम को सौंपी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है।




