राणीसर बास में घर पर पथराव, पुरानी रंजिश में पति के सिर-कमर में चोट
बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र के राणीसर बास में पुरानी रंजिश को लेकर एक घर पर पथराव करने का मामला सामने आया है। घटना 26 सितंबर की रात करीब 9 बजे की बताई गई है। पथराव में घर में मौजूद महिला के पति के सिर और कमर में चोट लगने की बात रिपोर्ट में सामने आई है। पुलिस ने कई नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी रिपोर्ट में राणीसर बास निवासी सावित्री ने बताया कि 26 सितंबर की रात करीब 9 बजे वह अपने पति और बच्चों के साथ घर पर थी। इसी दौरान उसका देवर राजेश पुत्र भाणूराम, रमेश पुत्र भाणूराम, अशोक पुत्र भाणूराम, सुरेश पुत्र रविन्द्र, बलराज पुत्र राजूराम, नितेश पुत्र राजूराम, विजय पुत्र राजूराम, विष्णु पुत्र राजूराम सहित अन्य लोग घर पर आए।
रिपोर्ट के अनुसार, आरोपियों में राजू की पत्नी संगीता, राजू की पुत्री लक्ष्मी, राजेश के पुत्र करण व लक्की, राजेश की बहन पार्वती, बलराज की पत्नी रीना और पार्वती की पुत्री सुमन भी शामिल थीं। आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर घर पर पथराव शुरू कर दिया गया।
पथराव में पति के सिर और कमर में चोट
परिवादिया के अनुसार पथराव के दौरान उसके पति अर्जुन दास के सिर में पत्थर लगा और कमर पर भी चोट आई। घटना के बाद पीड़ित पक्ष सदर थाना पहुंचा और पुलिस को रिपोर्ट देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने सावित्री की रिपोर्ट के आधार पर नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई भूपेंद्र सिंह को सौंपी गई है। पुलिस घटना के संबंध में जांच और साक्ष्य जुटा रही है।






