8 दिन तक जिंदगी से जंग लड़ता रहा युवक, आखिर हार गया… अज्ञात वाहन चालक पर केस दर्ज

25 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। बीकानेर में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान आठ दिन बाद मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार अंबेडकर कॉलोनी निवासी जेठाराम नायक ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया कि उसका 33 वर्षीय भाई शिवाराम 16 जुलाई की रात करीब 11 बजे मोटरसाइकिल से जा रहा था। इसी दौरान विजयवर्गीय ढाणी के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे के बाद परिजनों ने शिवाराम को पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहां उसका लगातार इलाज चल रहा था। उपचार के दौरान 24 जुलाई की सुबह उसने दम तोड़ दिया।

सदर थाना पुलिस ने परिवादी की रिपोर्ट के आधार पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल राजाराम को सौंपी गई है। पुलिस दुर्घटना को अंजाम देने वाले वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है।

Share: