बीकानेर में ‘रन फॉर यूनिटी’: अर्जुन राम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना, खुद भी दौड़े

31 Oct 2026 BIKANER
Advertisement
बीकानेर में रन फॉर यूनिटी: अर्जुन राम मेघवाल ने दौड़ को दिखाई हरी झंडी

बीकानेर में ‘रन फॉर यूनिटी’: अर्जुन राम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर दौड़ को किया रवाना, खुद भी दौड़े

बीकानेर। सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर शनिवार सुबह बीकानेर में ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए), बीकानेर पुलिस और बीकानेर रन क्लब के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित दौड़ को केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान मेघवाल खुद भी दौड़ में शामिल हुए।

Advertisement

कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री ने उपस्थित जनसमूह को राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता की शपथ दिलाई। आयोजन में संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा, पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश, जिला कलेक्टर निशांत जैन और पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।

कलेक्ट्रेट से शुरू हुई दौड़, शहर के प्रमुख सर्किलों से गुजरे प्रतिभागी

‘रन फॉर यूनिटी’ की शुरुआत कलेक्ट्रेट के सामने से हुई। दौड़ रविन्द्र रंगमंच, मेजर पूर्ण सिंह सर्किल, ब्रह्मकुमारी सर्किल, पंचशती सर्किल और महर्षि गौतम सर्किल होते हुए वापस कलेक्ट्रेट परिसर पहुंची।

दौड़ में युवाओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों-कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और शहर के नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश देना रहा।

सरदार पटेल ने 565 रियासतों के एकीकरण में निभाई ऐतिहासिक भूमिका

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने कहा कि देश की स्वतंत्रता के बाद तत्कालीन उप प्रधानमंत्री एवं गृह मंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल ने 565 देशी रियासतों का भारत में विलय कर राष्ट्र की एकता और अखंडता को मजबूत करने का ऐतिहासिक कार्य किया।

उन्होंने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया। मेघवाल ने कहा कि सरदार पटेल की दूरदर्शिता और दृढ़ संकल्प के कारण देश एकीकृत स्वरूप में आगे बढ़ सका।

कर्तव्यनिष्ठा का प्रेरक प्रसंग किया साझा

केंद्रीय मंत्री ने सरदार पटेल के जीवन से जुड़ा एक प्रेरक प्रसंग भी साझा किया। उन्होंने बताया कि राजनीति में आने से पहले सरदार पटेल एक प्रतिष्ठित अधिवक्ता थे। एक मामले में पैरवी के दौरान उन्हें अपनी पत्नी के निधन का समाचार मिला, लेकिन उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देते हुए पैरवी जारी रखी।

मेघवाल ने कहा कि सरदार पटेल का यह प्रसंग उनके कर्तव्य के प्रति समर्पण और दृढ़ संकल्प को दर्शाता है। यह हमें सिखाता है कि कठिन परिस्थितियों में भी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से करना चाहिए।

सरदार पटेल का योगदान राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत : संभागीय आयुक्त

संभागीय आयुक्त विश्राम मीणा ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की एकता एवं अखंडता के लिए अपना सर्वस्व योगदान दिया। आज भारत जिस एकीकृत स्वरूप में दिखाई देता है और प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, उसमें सरदार पटेल की दूरदर्शिता और प्रयासों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

देश के वर्तमान स्वरूप में सरदार पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका : आईजी

पुलिस महानिरीक्षक ओम प्रकाश ने कहा कि भारतवर्ष आज जिस स्वरूप में दिखाई देता है, उसमें सरदार वल्लभभाई पटेल का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल की जयंती पुलिस विभाग के लिए भी विशेष महत्व रखती है।

उन्होंने बताया कि राजस्थान में अनेक रियासतें थीं, जिनके एकीकरण में सरदार पटेल ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

व्यायाम के साथ हुई कार्यक्रम की शुरुआत

कार्यक्रम की शुरुआत बीकानेर रन क्लब के ईशान शर्मा ने उपस्थित जनसमूह को विभिन्न व्यायाम करवाकर की। कार्यक्रम का मंच संचालन कलेक्ट्रेट के प्रशासनिक अधिकारी संजय पुरोहित ने किया।

युवा, खिलाड़ी और पुलिसकर्मियों ने लिया हिस्सा

दौड़ में बीडीए आयुक्त धायगुडे स्नेहल नाना, बीडीए कमिश्नर सिद्धार्थ पलानीचामी, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी शैलजा पांडे, अतिरिक्त जिला कलेक्टर (नगर) रीना छिंपा, बीकानेर उपखंड अधिकारी महिमा कसाना, सीओ अनुज डाल, जिला शिक्षा अधिकारी (माध्यमिक) राम गोपाल शर्मा और जिला खेल अधिकारी सुरेंद्र हर्ष सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी शामिल हुए।

इसके अलावा रन फॉर यूनिटी क्लब के सदस्य, आरएसी एवं पुलिस के जवान, एनसीसी कैडेट्स, करणी सिंह स्टेडियम के खिलाड़ी और शहर के गणमान्य नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।

राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित इस दौड़ के माध्यम से बीकानेर में एकता, अखंडता और राष्ट्र के प्रति समर्पण का संदेश दिया गया।

Advertisement
Share: