बीकानेर में सरपंच चुनाव के दौरान फर्जी वोटिंग के आरोप पर हंगामा, पुलिस ने किया बल प्रयोग
बीकानेर। सरपंच चुनावों के दौरान बीकानेर के देवीकुंड सागर मतदान बूथ पर कथित फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा हो गया। एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष पर कई बार फर्जी तरीके से वोट डालने का आरोप लगाए जाने के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। हालात को देखते हुए पुलिस ने भीड़ को हटाने के लिए बल प्रयोग किया।
फर्जी वोटिंग के आरोप के बाद बढ़ा तनाव
मिली जानकारी के अनुसार, देवीकुंड सागर बूथ पर मतदान के बीच फर्जी वोट डालने को लेकर विवाद शुरू हुआ। चुनाव लड़ रहे एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कथित तौर पर कई बार वोट डालने का आरोप लगाया। इस आरोप के बाद मौके पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई और हंगामे की स्थिति बन गई।
पुलिस अधिकारियों ने संभाला मोर्चा
मौके पर तनाव बढ़ने पर पुलिस ने एकत्रित भीड़ को खदेड़ने के लिए बल प्रयोग किया। घटना की सूचना मिलने पर बीकानेर सीओ सदर आकांक्षा चौधरी और जय नारायण व्यास कॉलोनी थानाधिकारी देवेंद्र सिंह राठौड़ पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने स्थिति को संभालने का प्रयास किया।
फिलहाल, फर्जी वोटिंग को लेकर लगाए गए आरोपों की पुष्टि और मामले में आगे की कार्रवाई के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है।
Aapni Awaj | Bikaner News






