बीकानेर में मेड़तिया के समर्थन में उतरा सर्व समाज, कलेक्ट्रेट पहुंचकर सौंपा ज्ञापन
बीकानेर। भाजपा नेता भगवान सिंह मेड़तिया के खिलाफ दर्ज प्रकरण को लेकर सोमवार को सर्व समाज उनके समर्थन में खुलकर सामने आया। बिदासर हाउस में बैठक के बाद बड़ी संख्या में समर्थक पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा।
बिदासर हाउस में हुई बैठक
कलेक्ट्रेट कूच से पहले बिदासर हाउस में सर्व समाज के प्रतिनिधियों और समर्थकों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मेड़तिया पर दर्ज मामले को लेकर चर्चा की गई और आगे की रणनीति बनाई गई।
इसके बाद बड़ी संख्या में लोग पैदल मार्च करते हुए जिला कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के सामने अपनी मांगें रखीं।
बीकेईएसएल के खिलाफ कार्रवाई की मांग
भगवान सिंह मेड़तिया ने जिला प्रशासन से बीकेईएसएल और जोधपुर विद्युत वितरण निगम के बीच हुए एमओयू की जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी को दिए गए कार्यों और खर्च को लेकर गंभीर अनियमितताएं हुई हैं।
मेड़तिया ने कंपनी का एमओयू निरस्त करने और पूरे मामले की जांच कराने की मांग की।
बिजली कटौती और कंपनी पर लगाए आरोप
मेड़तिया ने आरोप लगाया कि निजी बिजली कंपनी द्वारा मेंटेनेंस के नाम पर लगातार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे आमजन परेशान हैं। उन्होंने कंपनी पर मनमानी करने का आरोप लगाया।
मुकदमे और पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
मेड़तिया ने कहा कि उनका विरोध पुलिस से नहीं बल्कि अधिकारी के रवैये से है। उन्होंने आरोप लगाया कि रास्ता रोकने की घटना के बाद उनके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी हिस्ट्रीशीट खोलने का प्रयास किया गया और पुलिस ने पुराने रिकॉर्ड खंगाले।
समर्थकों का जताया आभार
भगवान सिंह मेड़तिया ने कहा कि संगठन और समर्थकों ने उनका साथ दिया, जिससे वे आज जनता के बीच मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि बीकानेर की जनता से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं को लेकर वे आगे भी सड़क पर संघर्ष करते रहेंगे।



