बीकानेर में स्कूल बस की चपेट में आया 2 साल 9 माह का मासूम, इलाज के दौरान मौत

08 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। सदर थाना क्षेत्र के बीकानेर मिलिट्री स्टेशन स्थित सोमनाथ कॉलोनी में स्कूल बस की चपेट में आने से 2 साल 9 माह के मासूम बच्चे की मौत हो गई। हादसा 6 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 12:55 बजे हुआ। मामले में बच्चे के पिता ने स्कूल बस चालक के खिलाफ तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।

Advertisement

बस से उतरने के बाद हुआ हादसा

सेना में नायक के पद पर कार्यरत पप्पू कुमार ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी सुनिता कुमारी बच्चे को स्कूल वाहन से लेने के लिए सरकारी आवास के पास सड़क पर गई थी। कुछ देर बाद स्कूल बस नंबर RJ07 PB 0066 वहां पहुंची और बच्चे आदित्य को बस से उतारकर सरकारी आवास की ओर जाने लगी।

पीछे करते समय बस की चपेट में आया बच्चा

रिपोर्ट के अनुसार, इसी दौरान बस चालक ने बस को तेज गति और लापरवाही से पीछे की ओर चलाया। इस दौरान 2 साल 9 माह का बच्चा आयांश राज बस की चपेट में आ गया। बच्चा बस में फंस गया और कुछ दूरी तक बस के साथ घसीटता चला गया।

सैनिक अस्पताल में कराया भर्ती

बच्चे की मां के शोर मचाने पर बस को रुकवाया गया। इसके बाद घायल आयांश राज को इलाज के लिए 187 सैनिक अस्पताल ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे को रेफर कर दिया गया।

जांच के दौरान मौत की जानकारी

परिजन बच्चे को अल्ट्रासाउंड के लिए लेकर पहुंचे थे। जांच के दौरान चिकित्सकों ने बच्चे की मौत होने की जानकारी दी। इसके बाद परिवार में मातम छा गया।

बस चालक के खिलाफ केस दर्ज

मामले में पप्पू कुमार ने स्कूल बस चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। सदर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच हेड कांस्टेबल हंसराज को सौंपी गई है।

Advertisement
Share: