शोभासर की फैक्ट्री में हादसा: ऊंचाई से गिरने पर 65 वर्षीय कारीगर की मौत, चिनाई करते समय बिगड़ा संतुलन
बीकानेर। शोभासर स्थित एक फैक्ट्री में काम करते समय ऊंचाई से गिरने से 65 वर्षीय कारीगर की मौत हो गई। हादसे के बाद उसे गंभीर हालत में पीबीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच और इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
चिनाई का काम करते समय हुआ हादसा
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मृतक की पहचान मुरलीधर मेघवाल पुत्र मूकनाराम, निवासी सर्वोदय बस्ती, बीकानेर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शोभासर स्थित फैक्ट्री में चिनाई का काम कर रहा था। इसी दौरान अडान बांधकर काम करते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गया।
पीबीएम अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित किया
हादसे के बाद घायल कारीगर को फैक्ट्री से पीबीएम अस्पताल बीकानेर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच और उपचार के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मर्ग दर्ज कर शुरू की जांच
मृतक के परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने मर्ग दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है।






