स्मार्ट मीटर कंपनी के इंजीनियर की मौत, अब हत्या का मामला दर्ज करने की मांग पर अड़े कर्मचारी

15 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

स्मार्ट मीटर कंपनी के इंजीनियर की मौत, हत्या का केस दर्ज करने की मांग पर धरना

बीकानेर। स्मार्ट मीटर लगाने वाली जीनस कंपनी के मैनेजमेंट से कथित रूप से परेशान होकर खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगाने वाले इंजीनियर लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने पीबीएम अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। करीब एक पखवाड़े से भर्ती इंजीनियर की देर रात मौत के बाद साथी कर्मचारियों और भारतीय मजदूर संघ (भामसं) ने न्याय की मांग को लेकर धरना शुरू कर दिया है।

धरनार्थियों की मांग है कि कंपनी प्रबंधन के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया जाए तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा।

गौरतलब है कि 1 जुलाई को पूगल रोड स्थित ऊन मंडी के सामने जीनस कंपनी के कार्यालय में अनूपगढ़ निवासी इंजीनियर लक्ष्मण सिंह राठौड़ ने कथित रूप से अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली थी। गंभीर रूप से झुलसे लक्ष्मण सिंह को तत्काल पीबीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

साथी कर्मचारियों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन लगातार कर्मचारियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था तथा बिना उचित कारण नौकरी से निकाला जा रहा था। उनका कहना है कि प्रबंधन के तानाशाही रवैये के कारण कर्मचारियों में भारी रोष है और कई लोग नौकरी छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं।

बताया गया कि लक्ष्मण सिंह राठौड़ पिछले करीब एक वर्ष से कंपनी में कार्यरत थे और डिवीजन इंचार्ज के पद पर सेवाएं दे रहे थे। कर्मचारियों का आरोप है कि घटना वाले दिन उन्हें बीकानेर कार्यालय बुलाया गया, जहां विवाद के दौरान उनके साथ मारपीट हुई और पेट्रोल डालकर आग लगाने की कोशिश की गई।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। वहीं कर्मचारियों के प्रदर्शन के चलते मामले ने तूल पकड़ लिया है और सभी की नजर प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Share: