बीकानेर में प्लॉट हड़पने की कोशिश का आरोप, फर्जी दस्तावेज बनाने के मामले में 6 पर केस

06 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। जय नारायण व्यास कॉलोनी थाना क्षेत्र की सूरज कॉलोनी में एक प्लॉट के कथित फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे हड़पने की कोशिश का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने छह लोगों के खिलाफ कूटरचित दस्तावेज तैयार करने, उनका इस्तेमाल करने और आपराधिक षड्यंत्र रचने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Advertisement

न्यायालय के आदेश पर दर्ज हुआ मामला

पुलिस के अनुसार सूरज कॉलोनी निवासी प्रेमसिंह ने न्यायालय में इस्तगासा पेश किया था। इसमें उम्मेद सिंह, महावीर सिंह, नरेन्द्र सिंह, प्रहलाद सिंह, शैतान सिंह और भारत सिंह को आरोपी बनाया गया है।

परिवादी ने आरोप लगाया कि उसकी भतीजी अंजू कंवर के नाम सूरज कॉलोनी में ए-06 नंबर का 30×60 यानी 1800 वर्गफुट का प्लॉट है।

2013 में प्लॉट खरीदने का दावा

इस्तगासे के अनुसार अंजू कंवर ने यह प्लॉट 19 फरवरी 2013 को पाना कंवर से 7.25 लाख रुपए में इकरारनामे के जरिए खरीदा था और प्लॉट का कब्जा भी प्राप्त कर लिया था। परिवादी का दावा है कि पाना कंवर ने यह प्लॉट इससे पहले 2 मार्च 1996 को बालू देवी, रामलाल और राजूराम से खरीदा था। इसके बाद 28 फरवरी 2003 को भी संबंधित दस्तावेज पाना कंवर के पक्ष में तैयार किए गए थे।

दूसरी कड़ी के दस्तावेज तैयार करने का आरोप

परिवादी ने आरोप लगाया कि उम्मेद सिंह ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर इसी प्लॉट को हासिल करने के उद्देश्य से कथित कूटरचित दस्तावेजों की दूसरी कड़ी तैयार की। आरोप के अनुसार बालू देवी, रामलाल और राजूराम की ओर से भैरूसिंह के नाम 25 सितंबर 2003 का कथित इकरारनामा तैयार किया गया।

इसके बाद भैरूसिंह से प्रहलाद सिंह और फिर प्रहलाद सिंह से उम्मेद सिंह के नाम क्रमश: 10 दिसंबर 2004 और 17 मार्च 2009 के कथित इकरारनामे तैयार किए जाने का आरोप है।

प्लॉट पर बिजली कनेक्शन कराने का भी आरोप

इस्तगासे में आरोप लगाया गया है कि इन कथित दस्तावेजों का इस्तेमाल कर प्लॉट पर बिजली कनेक्शन भी करा लिया गया। इसके अलावा वहां एक महिला और एक पुरुष को रहने के लिए बैठा दिया गया।

परिवादी के अनुसार जब उसे कथित दस्तावेजों की जानकारी मिली तो उसने पुलिस से शिकायत की, लेकिन मामला दर्ज नहीं किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक बीकानेर को भी पंजीकृत डाक के जरिए शिकायत भेजी गई।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने न्यायालय से प्राप्त इस्तगासे के आधार पर छह आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जांच एएसआई सुरेन्द्र मीणा को सौंपी गई है। पुलिस अब प्लॉट से जुड़े दस्तावेजों, इकरारनामों और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है।

Advertisement
Share: