महिला कार्मिकों से अभद्रता, शिक्षक से मारपीट का आरोप; बसन्त कुमार निलंबित

04 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

महिला कार्मिकों से अभद्रता, शिक्षक से मारपीट का आरोप; बसन्त कुमार गिरि निलंबित

बीकानेर। महिला कार्मिकों के साथ अभद्र व्यवहार और सहकर्मी शिक्षक से मारपीट के गंभीर आरोपों के मामले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने अध्यापक बसन्त कुमार गिरि को जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Advertisement

महिला कार्मिकों से अभद्र व्यवहार की शिकायत

डीईओ प्रारम्भिक शिक्षा किशन दान चारण की ओर से जारी निलंबन आदेश के अनुसार, पीईईओ एवं प्रधानाचार्य की ओर से 3 सितंबर को भेजे गए पत्रों में शिक्षक बसन्त कुमार गिरि के विरुद्ध गंभीर शिकायतें सामने आई थीं। शिकायतों में विद्यालय की महिला कार्मिकों के साथ कथित रूप से अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया गया है।

सहकर्मी शिक्षक से मारपीट का भी आरोप

शिक्षक पर सहकर्मी रा. अध्यापक देवेन्द्र कुमार गहलोत के साथ मारपीट करने का भी आरोप है। शिकायत के अनुसार, मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए। मामले को गंभीर मानते हुए विभाग ने शिक्षक के विरुद्ध विभागीय जांच प्रस्तावित की है।

जांच पूरी होने तक निलंबन

विभाग ने राजस्थान असैनिक सेवाएं नियम, 1958 के नियम 13(1) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए बसन्त कुमार गिरि को जांच पूरी होने तक तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

कोलायत सीबीईओ कार्यालय रहेगा मुख्यालय

निलंबन अवधि के दौरान शिक्षक बसन्त कुमार गिरि का मुख्यालय सीबीईओ कोलायत कार्यालय रहेगा। विभागीय जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Share: