RLP नेता पर भड़के BJP विधायक, बोले- "पहले मर गए थे क्या?" ट्रोमा सेंटर की मांग पर हुआ विवाद
Bikaner News: बीकानेर जिले के श्रीडूंगरगढ़ में सोमवार को जनसुनवाई के दौरान भाजपा विधायक ताराचंद सारस्वत और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP) नेता विवेक माचरा के बीच बहस हो गई। मामला श्रीडूंगरगढ़ में ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर उठा।
श्रीडूंगरगढ़ पंचायत समिति भवन में कैबिनेट मंत्री सुमित गोदारा जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान RLP नेता विवेक माचरा ने क्षेत्र में ट्रोमा सेंटर नहीं बनने को लेकर सवाल उठाए।
ट्रोमा सेंटर की मांग को लेकर आमने-सामने आए नेता
विवेक माचरा ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ में सड़क हादसे में 6 लोगों की मौत हुई है। मुख्यमंत्री द्वारा ट्रोमा सेंटर बनाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी यह शुरू नहीं हो पाया है।
इस पर विधायक ताराचंद सारस्वत ने जवाब देते हुए कहा कि आश्वासन 28 जुलाई 2025 को दिया गया था, फिर ढाई साल कैसे हो गए?
मामला बढ़ने पर विधायक ने कहा- "3 साल डुबोए रखा था, तब मर गए थे क्या?" इस बयान के बाद माचरा और उनके समर्थक नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए।
पुलिस ने संभाला मामला
विवाद बढ़ता देख पुलिस ने हस्तक्षेप किया और विवेक माचरा को पीछे हटाया। इसके बाद मंत्री सुमित गोदारा ने दोनों पक्षों को शांत कराया।
मंत्री बोले- जल्द शुरू करेंगे ट्रोमा सेंटर
मंत्री सुमित गोदारा ने कहा कि श्रीडूंगरगढ़ में हुआ हादसा बेहद दुखद है। ट्रोमा सेंटर को लेकर सरकार प्रयास कर रही है और जल्द इसे शुरू किया जाएगा। उन्होंने बताया कि श्रीडूंगरगढ़ के साथ लूणकरणसर सहित अन्य क्षेत्रों में भी इस दिशा में काम चल रहा है।
चिकित्सा मंत्री के बयान पर भी हुआ था विवाद
इससे पहले बीकानेर पीबीएम अस्पताल में प्रसूताओं के किडनी फेल होने के मामले में चिकित्सा मंत्री के बयान को लेकर भी विवाद हुआ था। कांग्रेस ने उस बयान का विरोध किया था।
बीकानेर की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें।




