नापासर पहुंची कॅरिअर काउंसलिंग वैन, ग्रामीण विद्यार्थियों को बताए भविष्य के विकल्प

18 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

नापासर पहुंची कॅरिअर काउंसलिंग वैन, ग्रामीण विद्यार्थियों को बताए भविष्य के विकल्प

नापासर। ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को कॅरिअर और भविष्य की दिशा में मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से निर्विकल्प फाउंडेशन एवं बीकाजी के सहयोग से संचालित कॅरिअर काउंसलिंग वैन नापासर पहुंची। श्रीमती गीता देवी बागड़ी राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम में नापासर के निजी विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भी सहभागिता की।

ग्रामीण विद्यार्थियों को सही मार्गदर्शन जरूरी

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्रीमती सी.एम. मूंधड़ा मेमोरियल चेरिटेबल ट्रस्ट, मुंबई के ट्रस्टी श्रीकिशन मूंधड़ा ने कहा कि ग्रामीण स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए कॅरिअर काउंसलिंग वैन उपयोगी साबित होगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही समय पर मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की है।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सामने कॅरिअर के कई विकल्प हैं। ऐसे में अपनी रुचि, क्षमता और योग्यता को समझकर भविष्य की दिशा तय करने के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है।

रुचि और क्षमता के अनुसार कॅरिअर चुनने पर जोर

बीकानेर जिला उद्योग संघ के अध्यक्ष द्वारका प्रसाद पचीसिया ने कहा कि कॅरिअर काउंसलिंग वैन का उद्देश्य ग्रामीण सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों तक कॅरिअर संबंधी उचित और समयबद्ध मार्गदर्शन पहुंचाना है। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी रुचि, क्षमता, योग्यता और कौशल को पहचानकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता एवं नेशनल कॅरिअर काउंसलर डॉ. चंद्रशेखर श्रीमाली ने विद्यार्थियों को दसवीं और बारहवीं के बाद विषय एवं पाठ्यक्रम चयन को लेकर जानकारी दी। उन्होंने पारंपरिक शिक्षा के साथ तकनीकी, व्यावसायिक, कौशल आधारित और रोजगारपरक शिक्षा के विकल्पों के बारे में बताया।

उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की जानकारी

कॅरिअर काउंसलर लोचन पारीक ने विद्यार्थियों को प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि वैन के माध्यम से विभिन्न कॅरिअर विकल्पों, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, कौशल विकास, रोजगार के अवसरों तथा विषय एवं पाठ्यक्रम चयन से संबंधित जानकारी दी जा रही है।

मुंबई में सीएफए कोर्स कर रहीं राधिका पित्ति ने कहा कि विद्यालय स्तर पर विशेषज्ञ मार्गदर्शन मिलने से ग्रामीण विद्यार्थियों को अपने भविष्य और कॅरिअर विकल्पों को समझने का अवसर मिल रहा है।

विद्यार्थियों को बांटी कॅरिअर मार्गदर्शिका

विद्यालय की प्रधानाचार्य सुनीता स्वामी ने कॅरिअर काउंसलिंग वैन प्रोजेक्ट की सराहना की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के विद्यालय तक पहुंचकर कॅरिअर संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाना ग्रामीण क्षेत्र के छात्रों के लिए उपयोगी पहल है।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को ‘कॅरिअर मार्गदर्शिका’ पुस्तिका भी वितरित की गई। पुस्तिका में विभिन्न कॅरिअर विकल्पों और भविष्य की तैयारी से संबंधित उपयोगी जानकारी दी गई है।

कार्यक्रम का संयोजन मनन श्रीमाली ने किया। इस अवसर पर निर्विकल्प फाउंडेशन के बोर्ड मेंबर शैलेश पित्ति, शिक्षा विभाग के रमेश हुरकट, उद्योग संघ के सचिव वीरेंद्र किराडू, उद्योग संघ के पीआरओ सावन पारीक तथा विद्यालय के उप प्राचार्य आसुराम सहित स्टाफ मौजूद रहा।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की ओर से निर्विकल्प फाउंडेशन, बीकाजी और कॅरिअर काउंसलिंग वैन की टीम का आभार व्यक्त किया गया।

Share: