छत्तरगढ़: नहर में डूबे गुलशन नागपाल का शव 24 घंटे बाद मिला, परिजनों में शोक
छत्तरगढ़: छत्तरगढ़ थाना क्षेत्र की रोजड़ी वितरिका में नहाने के दौरान डूबे 40 वर्षीय गुलशन नागपाल का शव हादसे के करीब 24 घंटे बाद शनिवार दोपहर नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र की 74 आरडी के पास नहर में तैरता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे वार्ड नंबर 4, रावला निवासी गुलशन नागपाल रोजड़ी वितरिका की 4 आरजेडी के पास नहाने के लिए नहर में उतरे थे। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर साथियों ने उनकी तलाश की, लेकिन केवल नहर किनारे उनके कपड़े, मोबाइल फोन और चप्पल मिले। इसके बाद छत्तरगढ़ पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय तैराक महावीर बिश्नोई तथा इकबाल खान की मदद से नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। शुक्रवार देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। परिजनों ने पूरी रात नहर किनारे रहकर निगरानी की।
शनिवार दोपहर करीब 1:30 बजे सरपंच प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन भाटी ने कांस्टेबल पारस को 74 आरडी के पास नहर में शव तैरता दिखाई देने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने के बाद परिजनों ने शव की पहचान गुलशन नागपाल के रूप में की।
घटना स्थल नई मंडी घड़साना थाना क्षेत्र में होने के कारण छत्तरगढ़ थाना प्रभारी नवनीत सिंह धारीवाल ने संबंधित पुलिस को सूचना दी। इसके बाद घड़साना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
बताया जा रहा है कि गुलशन नागपाल क्षेत्र में मिस्त्री मजदूरी का कार्य करने आए हुए थे। नहाने के दौरान हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।



