छतरगढ़ में 11 केवी लाइन टूटकर गिरी, करंट की चपेट में आईं छह गायों की मौत
छतरगढ़। छतरगढ़ थाना क्षेत्र के चक 6 KWSM की आबादी में शुक्रवार शाम 11 केवी विद्युत लाइन टूटकर गिरने से छह गायों की करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा शाम करीब 5 बजे हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय निवासी बजरंग धतरवाल के अनुसार गोपाल धतरवाल और हरजीराम धतरवाल के घर बने गायों के बाड़े के ऊपर अचानक विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर गया। उस समय बाड़े में छह गायें मौजूद थीं। तार गिरने के बाद सभी गायें करंट की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी
स्थानीय लोगों का कहना है कि हादसे के बाद काफी समय तक प्रशासन या संबंधित विद्युत विभाग का कोई अधिकारी-कर्मचारी मौके पर नहीं पहुंचा। ग्रामीणों ने विद्युत लाइन की स्थिति की जांच कराने और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
हादसे के बाद ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने जर्जर या कमजोर विद्युत लाइनों की जांच कर आवश्यक सुधार कराने की मांग उठाई है।






