बीकानेर: इंदिरा गांधी नहर में गिरी स्विफ्ट कार, तीसरे दिन 4 किलोमीटर दूर मिला इमरान का शव

26 Oct 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर: इंदिरा गांधी नहर में गिरी स्विफ्ट कार, तीसरे दिन 4 किलोमीटर दूर मिला इमरान का शव

छतरगढ़, बीकानेर: छतरगढ़ थाना क्षेत्र में इंदिरा गांधी मुख्य नहर की 655 आरडी पर हुए कार हादसे में लापता युवक इमरान का शव सोमवार सुबह बरामद कर लिया गया। बीकानेर से पहुंची एसडीआरएफ टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाकर शव को खोजा। शव घटनास्थल से करीब चार किलोमीटर आगे 670 आरडी के पास मिला।

Advertisement

23 अक्टूबर की रात नहर में गिरी थी कार

जानकारी के अनुसार, 23 अक्टूबर की रात 655 आरडी के पास एक स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर इंदिरा गांधी मुख्य नहर में गिर गई थी। कार में पांच लोग सवार बताए गए थे। इनमें से तीन युवक तैरकर बाहर निकलने में सफल रहे, जबकि दो युवक लापता हो गए थे। हादसे के बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने नहर में तलाश अभियान शुरू किया।

करीब 20 फीट गहरे पानी से निकाली गई कार

एसडीआरएफ के हेड कांस्टेबल एवं टीम कमांडर शिवराज सिंह ने बताया कि टीम ने 23 अक्टूबर की रात ही डीप डाइविंग किट की मदद से करीब 20 फीट गहरे पानी में फंसी स्विफ्ट कार को बाहर निकालने का कार्य किया था। इसके बाद नहर में लापता युवकों की तलाश जारी रखी गई। लगातार सर्च ऑपरेशन के बाद सोमवार सुबह इमरान का शव 670 आरडी के पास बरामद हुआ।

एसडीआरएफ टीम ने लगातार चलाया सर्च ऑपरेशन

लापता युवक की तलाश के अभियान में टीम कमांडर हेड कांस्टेबल शिवराज सिंह, हेड कांस्टेबल मनोज तथा कांस्टेबल महेश, गुरदीप, नरेंद्र सिंह, मनोहर सिंह, गुरलाल और विष्णु शामिल रहे। टीम ने लगातार प्रयास कर शव को बरामद किया।

पुलिस की कार्रवाई के बाद परिजनों को सौंपा जाएगा शव

छतरगढ़ थाना अधिकारी नवनीत सिंह के अनुसार, शव बरामद होने के बाद चिकित्सकीय टीम की मौजूदगी में आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

Aapni Awaj | Bikaner News

Advertisement
Share: