बीकानेर पहुंचे कांग्रेस सह प्रभारी चिरंजीव राव, बोले- क्रॉस वोटिंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

27 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

चिरंजीव राव बोले- क्रॉस वोटिंग करने वालों पर होगी कार्रवाई

बीकानेर। कांग्रेस के राजस्थान सह प्रभारी चिरंजीव राव शनिवार को चार दिवसीय दौरे पर बीकानेर पहुंचे। एयरपोर्ट पर पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला सहित कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया। बीकानेर पहुंचने के बाद राव ने हाल ही में हुए नगर निगम चुनाव, उपमहापौर चुनाव में सामने आए क्रॉस वोटिंग के विवाद और आगामी पंचायती राज चुनावों को लेकर पार्टी की तैयारियों पर बात की।

Advertisement

बीकानेर नगर निगम के उपमहापौर चुनाव में भाजपा के पंकज गहलोत ने कांग्रेस की नसीम बानो को 40-38 के अंतर से हराया था। कांग्रेस के पास नगर निगम में सबसे बड़ा पार्षद दल होने के बावजूद उपमहापौर पद गंवाने के बाद पार्टी ने क्रॉस वोटिंग की शिकायतों को लेकर समीक्षा शुरू की है।

क्रॉस वोटिंग करने वालों पर कार्रवाई के संकेत

चिरंजीव राव ने कहा कि पार्टी अनुशासन के खिलाफ जाने वाले पार्षदों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में अनुशासन को प्राथमिकता दी जाती है और पार्टी विरोधी गतिविधियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने नगर निगम महापौर चुनाव में कांग्रेस के पक्ष में आए परिणाम के लिए पूर्व मंत्री डॉ. बी.डी. कल्ला, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल और देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग को बधाई दी और इसे संगठन की सामूहिक मेहनत का परिणाम बताया। महापौर चुनाव में अनिल कल्ला ने भाजपा के सुरेंद्र सिंह शेखावत को 50-30 से हराया था।

चार दिन तक संगठन की बैठकें

चिरंजीव राव ने बताया कि बीकानेर प्रवास के दौरान वे पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठकें करेंगे। इन बैठकों में आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों, संगठन विस्तार और स्थानीय संगठन से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। उनके दौरे के कार्यक्रम में नगर निगम उपमहापौर चुनाव की समीक्षा भी शामिल है।

29 सितंबर को विरोध-प्रदर्शन का ऐलान

राव ने कहा कि 29 सितंबर को मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ जिला स्तर पर कांग्रेस की ओर से विरोध-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार पर विभिन्न सरकारी एजेंसियों के कथित दुरुपयोग के जरिए लोकतांत्रिक संस्थाओं को प्रभावित करने का आरोप लगाया। कांग्रेस की ओर से इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में आंदोलन चलाने की बात भी कही गई है।

राव ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।

Advertisement
Share: