देशनोक ओवरब्रिज पर दो कारों की भीषण भिड़ंत: गर्भवती महिला सहित दो घायल
बीकानेर। बीकानेर-जोधपुर हाईवे पर स्थित देशनोक ओवरब्रिज पर दो कारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में एक गर्भवती महिला सहित दो लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार हादसा देशनोक ओवरब्रिज पर हुआ। बीकानेर से ढिंगसरी की ओर जा रही एक कार पुल पर चढ़ रही थी, इसी दौरान सामने से आ रही दूसरी कार से उसकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे के समय कार में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में गर्भवती महिला सुशीला और हुकुम सिंह घायल हो गए। हादसा होते ही ओवरब्रिज और आसपास मौजूद ग्रामीण मदद के लिए मौके पर पहुंचे।
ग्रामीणों गोपाल दान, झंवरलाल, दिनेश दान, जगदीश दान, राकेश सेन और रामधन सुथार सहित अन्य लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त कार के दरवाजे खोलकर घायलों को बाहर निकाला और निजी वाहनों व एम्बुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया।
घायलों को अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। समय पर ग्रामीणों की मदद से बड़ा हादसा टल गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।




