पूगल में रात के अंधेरे में इलेक्ट्रिक वर्कशॉप पर बड़ा हाथ साफ! चोर पिकअप में भर ले गए मोटर, तार और पीतल समेत लाखों का सामान
बीकानेर/पूगल: बीकानेर जिले के पूगल थाना क्षेत्र में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है। शिवनगर गांव में अज्ञात चोरों ने देर रात एक इलेक्ट्रिक वर्कशॉप को निशाना बनाया। चोर पिकअप वाहन में सवार होकर पहुंचे और दुकान की खिड़की तोड़कर अंदर रखा भारी मात्रा में इलेक्ट्रिक सामान चोरी कर ले गए।
रात करीब 1:30 बजे हुई वारदात
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार शिवनगर निवासी हरबंश स्वामी ने शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत में बताया गया कि उसके भाई हंसराज पुत्र तिलोकदास ने गांव की आबादी में नैण इलेक्ट्रिक वर्क्स के नाम से दुकान कर रखी है। 6 अगस्त 2026 की रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोर पिकअप गाड़ी लेकर दुकान के पास पहुंचे।
आरोप है कि चोरों ने दुकान की खिड़की तोड़कर अंदर प्रवेश किया और वहां रखा इलेक्ट्रिक सामान पिकअप में भरकर फरार हो गए। घटना का पता लगने के बाद पीड़ित परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन चोरों और चोरी किए गए सामान का कोई पता नहीं चल पाया।
मोटर, वायर और पीतल समेत यह सामान चोरी
रिपोर्ट के मुताबिक चोर दुकान से 10 नई मोटर, 4 अन्य मोटर, 4 पुरानी मोटर, करीब 7.5 क्विंटल वाइंडिंग वायर, लगभग 1 क्विंटल पीतल की बुश और करीब 3 से 4 क्विंटल पुराना कॉपर सहित अन्य कीमती सामान चोरी कर ले गए।
चोरी हुए सामान की मात्रा को देखते हुए माना जा रहा है कि वारदात को योजनाबद्ध तरीके से अंजाम दिया गया। चोर अपने साथ पिकअप वाहन लेकर पहुंचे थे, जिससे दुकान से भारी मात्रा में सामान आसानी से ले जाया जा सके।
अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में पूगल पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) और 305(ए) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।




