15 करोड़ के नकली बीज घोटाले में बड़ा खुलासा: बीज निगम डायरेक्टर समेत 6 आरोपी 5 दिन की रिमांड पर

08 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

15 करोड़ के नकली बीज घोटाले में बड़ा खुलासा: बीज निगम डायरेक्टर समेत 6 आरोपी 5 दिन की रिमांड पर

बीकानेर। नकली मूंगफली बीज घोटाले के मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की कार्रवाई लगातार आगे बढ़ रही है। बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई समेत छह आरोपियों को सोमवार को बीकानेर स्थित एसीबी स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को पांच दिन की रिमांड पर भेज दिया गया है। अब एसीबी आरोपियों से गहन पूछताछ करेगी।

जानकारी के अनुसार नकली बीज की शिकायत मिलने के बाद कृषि विभाग ने 27 मई को जोधपुर स्थित एक गोदाम पर कार्रवाई करते हुए करीब 15 करोड़ रुपए मूल्य के मूंगफली बीज को जब्त किया था। जांच में सामने आया कि बीज के सैंपल पास कराने, कार्रवाई को प्रभावित करने और जब्त बीज को वापस गुजरात भेजने के लिए कथित रूप से रिश्वतखोरी का खेल चल रहा था।

एसीबी को जांच के दौरान इनपुट मिला था कि इस पूरे मामले में बीज निगम के नामित निदेशक तक पहले ही करीब 2 करोड़ रुपए पहुंच चुके हैं। साथ ही गुजरात की एक कंपनी के साथ सांठगांठ कर कार्रवाई को प्रभावित करने के प्रयास किए जा रहे थे।

मामले में बड़ा मोड़ उस समय आया जब 7 जून को बीकानेर जिले के लूणकरणसर क्षेत्र में एक निजी बस से सफर कर रहे स्वतंत्र ज्याणी को 85 लाख रुपए नकद के साथ पकड़ा गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि यह राशि श्रीगंगानगर स्थित बीज निगम के नामित निदेशक जुगल किशोर बिश्नोई के ठिकाने पर पहुंचाई जानी थी।

इसके बाद एसीबी ने बीकानेर में जयपुर रोड स्थित जुगल किशोर बिश्नोई के आवास पर छापेमारी की, जहां से 1 करोड़ 58 लाख रुपए नकद बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान जुगल किशोर बिश्नोई, किरण कापड़िया, गणपत बिश्नोई, सतपाल सिंह, सुनील सेठिया और अन्य आरोपियों को अलग-अलग स्थानों से गिरफ्तार किया गया।

एसीबी की अब तक की कार्रवाई में कुल 2 करोड़ 44 लाख रुपए नकद बरामद किए जा चुके हैं। जांच एजेंसी अब यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद राशि का स्रोत क्या है और इस पूरे घोटाले में किन-किन लोगों की भूमिका रही है।

एसीबी अधिकारियों के अनुसार रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से नकदी, बीज घोटाले, कथित रिश्वत लेन-देन और अन्य वित्तीय दस्तावेजों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Share: