गंगाशहर में क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का समापन, 254 खिलाड़ियों ने लिया हिस्सा
बीकानेर, गंगाशहर। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षा संस्थान की ओर से आयोजित क्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता 2026-27 का समापन आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय, गंगाशहर में हुआ। प्रतियोगिता 21 सितंबर की शाम से शुरू होकर 23 सितंबर दोपहर तक चली।
प्रतियोगिता में 14, 17 और 19 आयु वर्ग में कुल 254 भैया-बहिन खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में 18 दल प्रभारी और 18 निर्णायक भी शामिल रहे। समापन समारोह की शुरुआत दीप प्रज्वलन और सरस्वती वंदना से हुई।
खेल से शरीर के साथ चरित्र का निर्माण
मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारक विनायक जी ने कहा कि खेल केवल शरीर को स्वस्थ नहीं रखते, बल्कि चरित्र निर्माण में भी भूमिका निभाते हैं। खेल के मैदान से अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रभाव सीखने को मिलता है। उन्होंने बच्चों के मोबाइल में अधिक समय बिताने पर चिंता जताते हुए खेलों को मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के लिए जरूरी बताया।
उन्होंने डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम का उदाहरण देते हुए कहा कि लक्ष्य के प्रति समर्पण सफलता का आधार है। उनके अनुसार खेल हार से सीखने और अपनी कमियों में सुधार करने का अवसर भी देते हैं।
खेल और अनुशासन जीवन के लिए जरूरी
मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) किशनदान चारण ने कहा कि खेल और अनुशासन जीवनोत्थान के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए अभिभावकों का आभार जताया कि वे बच्चों को खेलों के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कार्यक्रम का वृत्त निवेदन क्षेत्रीय खेलकूद सहसंयोजक कैलाश जी ने प्रस्तुत किया। स्थानीय प्रबंध समिति अध्यक्ष मेघराज बोथरा, व्यवस्थापक शंकरलाल डूडी, व्यवस्थापिका कंचन छल्लाणी, क्षेत्रीय खेलकूद संयोजक सत्यनारायण जी और विद्या भारती जोधपुर प्रांत के निरीक्षक भगवत दान रतनू सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
स्वर्ण और रजत पदक से खिलाड़ियों का सम्मान
समारोह में अतिथियों का अंगवस्त्र, स्मृति चिन्ह और श्रीफल भेंट कर सम्मान किया गया। इसके बाद अखिल भारतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक और द्वितीय स्थान प्राप्त खिलाड़ियों को रजत पदक प्रदान कर सम्मानित किया गया।
समापन पर स्थानीय प्रबंध समिति अध्यक्ष मेघराज बोथरा ने प्रतियोगिता के समापन की घोषणा की। इसके बाद ध्वजावतरण और राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। आभार क्षेत्रीय खेलकूद संयोजक सत्यनारायण जी ने व्यक्त किया।
इस अवसर पर श्रीरामसुखलाल, गंगाशहर परिसर प्रमुख अशोक बडगूजर, आदर्श विद्या मंदिर उच्च माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य नवल किशोर सैनी, बालिका भाग की प्रधानाचार्या अनसूईया रामावत, प्राथमिक भाग के प्रधानाचार्य सुनील माली, शिशु वाटिका प्रधानाचार्या सुशीला हाड़ा सहित आचार्य-आचार्या उपस्थित रहे।






