अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: तीन पिस्टल, पांच मैगजीन और कारतूस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

26 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: तीन पिस्टल, पांच मैगजीन और कारतूस के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार

बीकानेर। अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध देसी पिस्टल, पांच मैगजीन और 12 कारतूस बरामद किए हैं। यह कार्रवाई हनुमानगढ़ जिले में की गई।

विशेष अभियान के तहत पुलिस की कार्रवाई

पुलिस के अनुसार अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोहर और पल्लू थाना पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस टीम ने हथियारों की सप्लाई और अवैध गतिविधियों पर नजर रखते हुए यह कार्रवाई की।

नोहर पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

पहली कार्रवाई नोहर-अरड़की रोड स्थित साहवा बाईपास तिराहे पर की गई। जहां पुलिस ने ललानिया निवासी अभिषेक सिंह उर्फ जोनी को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्टल, दो मैगजीन और नौ कारतूस बरामद किए गए।

वहीं दूसरी कार्रवाई नोहर-साहवा रोड पर आपूवाला माइनर के पास हुई। यहां पुलिस ने खरसंडी निवासी गगन को गिरफ्तार किया। उसके पास से एक अवैध देसी पिस्टल, दो मैगजीन और तीन कारतूस मिले।

पल्लू थाना पुलिस ने भी की कार्रवाई

तीसरी कार्रवाई पल्लू थाना पुलिस द्वारा पल्लू-नोहर रोड पर नाकाबंदी के दौरान की गई। पुलिस ने खरसंडी निवासी दिनेश कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 32 बोर की देसी पिस्टल और मैगजीन बरामद की गई।

आरोपियों से पूछताछ जारी

पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये हथियार कहां से लाए गए थे और इनके पीछे कौन लोग जुड़े हुए हैं।

Share: