शेरूणा में अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 718 पव्वे बरामद
शेरूणा। बीकानेर जिले के शेरूणा थाना पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 718 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप गाड़ी को भी जब्त किया है। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि चार आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गए।
फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने दोनों मामलों में राजस्थान आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीझांसर में 238 पव्वे शराब बरामद, दो आरोपी फरार
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बीझांसर गांव में अवैध देशी शराब रखी हुई है। सूचना पर पुलिस टीम ने रामेश्वरलाल गोदारा के घर के पास गली आम बीझांसर में कार्रवाई की।
पुलिस ने पवन सोनी पुत्र जगदीश सोनी और गोपालराम पुत्र मालाराम, दोनों निवासी बीझांसर के कब्जे से कुल 238 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की। हालांकि कार्रवाई के दौरान दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने उनके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
सांवतसर में 480 पव्वे शराब के साथ पिकअप जब्त
दूसरी कार्रवाई सांवतसर से बादभू रोही सांवतसर जाने वाली सड़क पर की गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मौके पर कार्रवाई करते हुए 480 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की।
पुलिस ने शराब के परिवहन में इस्तेमाल की जा रही एक पिकअप गाड़ी भी जब्त कर ली। इस मामले में पुलिस ने नवरतन पुत्र रामेश्वरलाल, उम्र 18 वर्ष, निवासी सांवतसर को गिरफ्तार किया है।
वहीं उसके साथी बबलू पुत्र बनवारीलाल और सुनील पुत्र भूपचंद, निवासी सांवतसर मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।
एक गिरफ्तार, चार आरोपी फरार
दोनों मामलों को मिलाकर पुलिस ने कुल 718 पव्वे अवैध देशी शराब बरामद की है। कार्रवाई में एक आरोपी नवरतन को गिरफ्तार किया गया है, जबकि पवन सोनी, गोपालराम, बबलू और सुनील फरार बताए जा रहे हैं।
पुलिस गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर रही है और अवैध शराब के स्रोत, सप्लाई नेटवर्क तथा इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में कार्रवाई
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बीकानेर बनवारीलाल मीणा आरपीएस तथा पुलिस उप अधीक्षक वृत श्रीडूंगरगढ़ निकेत कुमार पारीक आरपीएस के सुपरविजन में शेरूणा थानाधिकारी इमीचन्द पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
पुलिस टीम में पूर्णमल सहायक उप निरीक्षक, महेन्द्र सिंह सहायक उप निरीक्षक, सुभाषचन्द्र कांस्टेबल, भयामलाल कांस्टेबल तथा राजवीर कांस्टेबल डीआर सहित अन्य जवान शामिल रहे।
पुलिस के अनुसार दोनों मामलों में कांस्टेबल मुकेश कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस अब फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और अवैध शराब के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।





