बीकानेर में भीषण सड़क हादसा! वैन-इटिका की आमने-सामने टक्कर, 8 घायल; 4 की हालत गंभीर

08 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर में भीषण सड़क हादसा! वैन-इटिका की आमने-सामने टक्कर, 8 घायल; 4 की हालत गंभीर

बीकानेर: जिले के जसरासर कस्बे के कातर रोड पर बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। वैन और इटिका कार के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर में आठ लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

टक्कर इतनी भीषण कि दोनों वाहन हुए क्षतिग्रस्त

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों वाहन तेज रफ्तार में थे। आमने-सामने हुई टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे के बाद कई लोग वाहनों में फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।

4 घायलों की हालत गंभीर, पीबीएम रेफर

सूचना मिलते ही एंबुलेंस और पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को जसरासर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पीबीएम अस्पताल, बीकानेर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार चार घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

यातायात प्रभावित, पुलिस ने शुरू की जांच

हादसे के कारण कातर रोड पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि कातर रोड पर तेज रफ्तार के कारण आए दिन सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण, स्पीड मॉनिटरिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।

Share: