जसरासर। जसरासर थाना क्षेत्र की एक महिला ने चार लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए मामला दर्ज कराया है। महिला का आरोप है कि उसे नोखा बुलाकर जबरन गाड़ी में बैठाया गया, नशीला पदार्थ पिलाकर सूरतगढ़ ले जाया गया और वहां बंधक बनाकर मारपीट, धमकी और दुष्कर्म किया गया। न्यायालय के आदेश के बाद जसरासर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नोखा बुलाकर जबरन गाड़ी में बैठाने का आरोप
गजसुखदेसर निवासी महिला ने न्यायालय में पेश किए गए इस्तगासे में आरोप लगाया कि 14 अप्रैल को एक परिचित के फोन पर वह नोखा पहुंची थी। वहां तीन अन्य लोग भी मौजूद थे। महिला का आरोप है कि इसके बाद उसे जबरन गाड़ी में बैठाया गया और नशीला पदार्थ पिला दिया गया।
सूरतगढ़ ले जाकर बंधक बनाने का आरोप
महिला के अनुसार आरोपी उसे सूरतगढ़ ले गए। वहां गोली मारने की धमकी देकर कथित रूप से कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाए गए। इसके बाद उसे एक आरोपी के घर में बंधक बनाकर रखने का आरोप लगाया गया है।
मारपीट और दुष्कर्म के गंभीर आरोप
इस्तगासे में महिला ने आरोप लगाया कि बंधक बनाए जाने के दौरान उसके साथ दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर मारपीट करने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। महिला ने लगातार दुष्कर्म के कारण गर्भवती होने और बाद में गर्भपात होने का भी आरोप लगाया है।
29 जून को आरोपियों के चंगुल से निकलने का दावा
महिला के अनुसार वह करीब दो महीने से अधिक समय बाद 29 जून को किसी तरह आरोपियों के चंगुल से निकलकर बीकानेर पहुंची। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली।
कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज
न्यायालय के आदेश के बाद जसरासर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है। जांच के दौरान संबंधित लोगों के बयान, दस्तावेज और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जाएगी।





