बज्जू। कालीनाड़ी धाम दर्शन के लिए आए एक युवक की नहर में डूबने से मौत हो गई। युवक का शव शनिवार देर शाम ईगानप मुख्य नहर से बरामद किया गया। मृतक की पहचान मोहाली निवासी राजकुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार राजकुमार शुक्रवार को श्रद्धालुओं के साथ कालीनाड़ी धाम दर्शन के लिए आया था। इसी दौरान नहर में नहाते समय वह तेज बहाव की चपेट में आ गया और पानी में डूब गया। घटना की सूचना मिलने पर बज्जू पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची तथा तलाशी अभियान शुरू किया।
तेज बहाव के कारण तलाशी में आई परेशानी
नहर में तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण एसडीआरएफ टीम को तलाशी अभियान में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। टीम ने लगातार प्रयास करते हुए दूसरे दिन करीब 200 मीटर क्षेत्र में तलाश की। इसके बाद शनिवार देर शाम युवक का शव बरामद कर लिया गया।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बज्जू उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद मृतक के पिता की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज किया गया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घटना के बाद कालीनाड़ी धाम पर मौजूद श्रद्धालुओं में शोक का माहौल रहा।




