नापासर में मातृ शक्ति प्रशिक्षण शिविर शुरू, 130 बालिकाएं ले रहीं प्रशिक्षण

20 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

नापासर में मातृ शक्ति प्रशिक्षण शिविर शुरू, 130 बालिकाएं ले रहीं प्रशिक्षण

नापासर। श्री क्षत्रिय युवक संघ की ओर से चार दिवसीय मातृ शक्ति प्राथमिक प्रशिक्षण शिविर का शुभारंभ 18 सितंबर को गुरुकुल बीएल मोहता लर्निंग इंस्टीट्यूट, सिंथल में ध्वजारोहण के साथ हुआ। शिविर का आयोजन 18 से 21 सितंबर 2026 तक किया जा रहा है।

शिविर संचालिका शायर कंवर अवाय ने बालिकाओं के भाल पर तिलक लगाकर उनका स्वागत किया। स्वागत उद्बोधन में उन्होंने कहा कि शिविर के माध्यम से बालिकाओं में संस्कार, परंपरा और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रशिक्षण में दिनभर विभिन्न गतिविधियां

आयोजकों के अनुसार श्री क्षत्रिय युवक संघ की स्थापना पूज्य तन सिंह ने 22 दिसंबर 1946 को गीता आधारित विचारधारा के साथ की थी। संगठन की सामूहिक संस्कारमयी कर्म प्रणाली के तहत जागरण, प्रार्थना, खेल, हवन, बौद्धिक चर्चा तथा महापुरुषों और वीरांगनाओं के जीवन चरित्र पर चर्चा जैसी गतिविधियां आयोजित की जाती हैं।

शिविर में भी बालिकाओं को निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से संस्कार एवं सामाजिक मूल्यों से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। आयोजकों ने बालिकाओं से चारों दिन प्रशिक्षण में पूरे मनोयोग से भाग लेने का आह्वान किया।

बीकानेर संभाग के विभिन्न गांवों से पहुंचीं बालिकाएं

शिविर में बीकानेर संभाग के झंझेऊ, पुंडलसर, लखासर, नोखा, मोरखाना, किरतासर, देवासर, मकड़ासर, खिदरत, पोकरण, फलोदी, बागड़सर, सोडवाली और कक्कू सहित विभिन्न गांवों से करीब 130 बालिकाएं प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

शिविर की व्यवस्थाओं में बीकानेर प्रांत प्रमुख रेवंत सिंह जाखासर, बलवंत सिंह महनसर, जुगल सिंह बेलासर, ओंकार सिंह बेलासर और श्रीमती सरोज कंवर लादुंडा सहित अन्य कार्यकर्ता सहयोग कर रहे हैं।

Share: