विधायक अंशुमान सिंह भाटी की बड़ी पहल! दिव्यांगजनों को निजी आय से सौंपी स्कूटी, 133 बसों से मेघासर पहुंचेंगे ग्रामीण
बीकानेर। गुरु तीर्थ नगरी श्रीकोलायत में बुधवार को श्रीकोलायत विधायक अंशुमान सिंह भाटी के दौरे के दौरान दिव्यांगजनों को स्कूटी वितरण एवं भाजपा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विधायक भाटी ने अपनी निजी आय से दो दिव्यांगजनों को स्कूटी सुपुर्द कर उन्हें आवागमन में सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की।
दो दिव्यांगजनों को सौंपी स्कूटी
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने रवि राजपुरोहित एवं घनश्याम सांखी को स्कूटी प्रदान की। स्कूटी मिलने पर दोनों लाभार्थियों ने विधायक का आभार जताया। विधायक की ओर से की गई इस पहल को दिव्यांगजनों के लिए आवागमन को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
CM भजनलाल शर्मा के मेघासर दौरे पर चर्चा
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित मेघासर दौरे को लेकर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री के श्रीकोलायत विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित प्रतिमा अनावरण एवं जनसभा कार्यक्रम को लेकर भाजपा कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया।
विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं एवं ग्रामीणों से मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
मेघासर कार्यक्रम के लिए 133 बसों की व्यवस्था
विधायक भाटी ने बताया कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के मेघासर आगमन के दौरान ग्रामीणों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए 133 बसों की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक ग्रामीणों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाने की अपील की।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय स्तर पर तैयारियां तेज की जा रही हैं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए व्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया जा रहा है।
ये रहे मौजूद
कार्यक्रम में बीडीओ पवन कुमार, प्रभात सिंह, जय सिंह हाडला, मगेज सिंह, शिव उपाध्याय, किशोर पुरोहित, राजपाल सिंह, दिलीप सिंह सोलंकी, पृथ्वी सिंह, बलदेव, राजकुमार, श्याम और पवन उपाध्याय सहित क्षेत्र के आमजन एवं भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।




