कोलायत को मिली ₹11.92 करोड़ की बड़ी सौगात: 15 नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी

06 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

कोलायत को ₹11.92 करोड़ की सड़क परियोजनाओं की सौगात, 15 विकास कार्यों को मिली मंजूरी

बीकानेर, 6 अगस्त। कोलायत विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में सड़क संपर्क को मजबूत बनाने की दिशा में बड़ी उपलब्धि मिली है। सार्वजनिक निर्माण विभाग (PWD) ने ₹11.92 करोड़ की लागत से 15 सड़क विकास परियोजनाओं को प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है। इन कार्यों के तहत 40.15 किलोमीटर सड़क निर्माण, सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण किया जाएगा।

8 मिसिंग लिंक सड़कों का होगा निर्माण

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने बताया कि मिसिंग लिंक योजना के अंतर्गत 8 नई सड़क परियोजनाओं को मंजूरी मिली है। इनमें 4 एमएम फांटा से भलूरी, दण्डखुर्द से सवाईवाला, तनियावाली से बरसलपुर, गुलामवाला फांटा से जागनवाला, पैंथडो की ढाणी से नोखड़ा, मानकासर–बरसलपुर ब्रांच से 62 आरडी (बाया चारणों की आबादी), राईंका नाथ जी का धुणा से ग्रांधी की ओर तथा नांदडा से धरणोक फांटा सड़क शामिल हैं। इन परियोजनाओं पर 16.25 किलोमीटर सड़क निर्माण के लिए करीब ₹5.51 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

7 सड़कों का होगा सुदृढ़ीकरण और नवीनीकरण

नॉन-पेचेबल योजना के तहत दियातरा–भाणे का गांव, टोकला–खारिया मालीनाथ (एमडीआर-371), तंवरवाला–करणीसर, 1000 आरडी से पाबूसर पश्चिम, रणजीतपुरा–गजजेवाला (एमडीआर-363), भूरासर डिस्ट्रीब्यूटरी तथा मानकासर से भलूरी फांटा सड़क के नवीनीकरण एवं सुदृढ़ीकरण को स्वीकृति मिली है। इन कार्यों पर 23.90 किलोमीटर सड़क सुधार के लिए ₹6.41 करोड़ खर्च किए जाएंगे।

ग्रामीण विकास को मिलेगी नई गति

विधायक अंशुमान सिंह भाटी ने कहा कि इन सड़क परियोजनाओं के पूरा होने से किसानों को फसलों के परिवहन में सुविधा मिलेगी, विद्यार्थियों का आवागमन आसान होगा और ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी मजबूत होगी। इससे क्षेत्र के सामाजिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री का जताया आभार

भाटी ने इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और उपमुख्यमंत्री एवं सार्वजनिक निर्माण विभाग मंत्री दिया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार के नेतृत्व में कोलायत विधानसभा में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और भविष्य में भी जनहित की योजनाओं को प्राथमिकता मिलेगी।

Share: