नशा मुक्ति केंद्र की आड़ में NDPS दवाइयों का कारोबार, एएनटीएफ की रेड में आरोपी गिरफ्तार

06 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

बीकानेर। शहर के कोटगेट थाना क्षेत्र में नशा मुक्ति केंद्र की आड़ में प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री का मामला सामने आया है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) और आयुर्वेद विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस श्रेणी की दवाइयों का जखीरा बरामद किया। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार चौपड़ा कटला क्षेत्र में संचालित एक नशा मुक्ति केंद्र की आड़ में प्रतिबंधित दवाइयों की अवैध बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर एएनटीएफ और आयुर्वेद विभाग की संयुक्त टीम ने मौके पर दबिश देकर तलाशी अभियान चलाया।

कार्रवाई के दौरान टीम ने 10-10 ग्राम की सात शीशियां तथा 5-5 ग्राम की छह शीशियां एनडीपीएस श्रेणी की प्रतिबंधित दवाइयों की बरामद कीं।

संयुक्त कार्रवाई में बालोतरा निवासी मदन गोपाल को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बरामद प्रतिबंधित दवाइयां कहां से लाई गई थीं और किन लोगों को सप्लाई की जा रही थीं। कोटगेट थाना पुलिस के अनुसार पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है। जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आने पर उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Share: