दिन में रैकी, रात में चोरी! ट्यूबवेल और सोलर प्लांट से चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
कोलायत। पुलिस थाना कोलायत ने ट्यूबवेल और विद्युत प्लांटों से चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों से पूछताछ में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में सात से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस अब चोरी किए गए सामान की बरामदगी और अन्य वारदातों में आरोपियों की संलिप्तता को लेकर पूछताछ कर रही है।
खेत से केबल, मोटर और बिजली के तार चोरी
पुलिस के अनुसार 25 जुलाई 2026 को महावीर जाट निवासी विजय विहार कॉलोनी, बीकानेर और महावीर प्रसाद निवासी श्रीडूंगरगढ़ ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनका खेत रोही लाखासर में स्थित है।
परिवादियों के अनुसार वे 6 जुलाई को दोपहर के समय खेत से बीकानेर चले गए थे। अगले दिन शाम को वापस लौटने पर ट्यूबवेल से केबल चोरी मिली। वहीं स्विच रूम से पानी की मोटर और ट्रांसफार्मर से एलटी लाइन तक के बिजली के तार सहित अन्य सामान भी गायब था।
इसी दौरान महावीर मेघवाल के खेत में बने ट्यूबवेल से भी केबल चोरी होने की जानकारी सामने आई। रिपोर्ट के आधार पर कोलायत पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल बंद कर गांवों और ढाणियों में छिपे आरोपी
पुलिस महानिरीक्षक बीकानेर रेंज ओमप्रकाश आईपीएस और पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा आईपीएस के निर्देश पर कार्रवाई शुरू की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा और वृत्ताधिकारी कोलायत जयपाल सिंह आरपीएस के सुपरविजन में थानाधिकारी जसवीर कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण किया और आसपास के गांवों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने के साथ तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
पुलिस के अनुसार मामला दर्ज होने की जानकारी मिलते ही दोनों आरोपी अपने मोबाइल फोन बंद कर मोटरसाइकिल से अलग-अलग स्थानों पर निकल गए। आरोपियों ने गांवों और ढाणियों में छिपकर गिरफ्तारी से बचने का प्रयास किया और अपना हुलिया भी बदल लिया था।
दो आरोपी गिरफ्तार
सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और लगातार निगरानी के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हुकमाराम पुत्र बालूराम मेघवाल (25) निवासी लाखासर और पूनमराम पुत्र मोहनराम मेघवाल (31) निवासी लाखासर, थाना कोलायत के रूप में हुई है।
पूछताछ में सात से अधिक चोरी की वारदातों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अलग-अलग स्थानों पर चोरी की कई वारदातों के संबंध में जानकारी दी है। पुलिस के अनुसार लाखासर से संधुका रोड पर डीपी चोरी कर उसमें से तांबा निकालने की वारदात का खुलासा हुआ है।
इसके अलावा गड़ियाला प्रांधी रोड पर बने प्लांट से विद्युत तार चोरी करने, बज्जू के बांगड़सर रोड स्थित प्लांट से बिजली के तार चोरी करने और टेचरी में बंद पड़े प्लांट से तीन-चार बार विद्युत तार चोरी करने की जानकारी भी सामने आई है।
दिन में रैकी, रात में वारदात
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी सामान्य तरीके से दिन के समय ट्यूबवेलों और विद्युत प्लांटों की रैकी करते थे। इसके बाद रात के समय सुनसान इलाकों और मौका देखकर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
आरोपियों से पूछताछ के दौरान अन्य चोरी की वारदातों के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिली है। पुलिस अब चोरी किए गए केबल, विद्युत तार, मोटर और अन्य सामान की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि दोनों आरोपियों का संबंध अन्य चोरी की वारदातों से तो नहीं है।
इन पुलिसकर्मियों की रही भूमिका
इस कार्रवाई में थानाधिकारी जसवीर कुमार, सहायक उपनिरीक्षक रोहिताश भारी, सहायक उपनिरीक्षक लखपत सिंह, साइबर सेल के सहायक उपनिरीक्षक दीपक यादव, सहायक उपनिरीक्षक दलीप सिंह, कांस्टेबल दिपेन्द्र कुमार और कांस्टेबल अनिल कुमार शामिल रहे।





