बीकानेर के कोठारी अस्पताल पर सरकार की बड़ी कार्रवाई! RGHS से किया ब्लॉक, भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप
बीकानेर. बीकानेर के चर्चित निजी कोठारी अस्पताल पर राज्य सरकार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उसे राजस्थान गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (RGHS) से ब्लॉक कर दिया है। यह कार्रवाई आरजीएचएस में कथित भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के मामलों में की गई है।
राज्य सरकार द्वारा शुक्रवार को जारी रिपोर्ट के अनुसार, कोठारी अस्पताल सहित कुल 51 अस्पतालों को योजना से निलंबित किया गया है। इसके अलावा 24 अस्पतालों के खिलाफ रिकवरी और जुर्माने की कार्रवाई भी की गई है।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्र सिंह खींवसर ने कहा कि सरकार आरजीएचएस में जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है और फर्जी क्लेम, वित्तीय अनियमितता तथा भ्रष्टाचार के मामलों में लगातार कार्रवाई की जा रही है।
प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि ऑडिट के दौरान कोठारी अस्पताल सहित कई निजी अस्पतालों में गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। जांच में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर क्लेम करना, आवश्यकता से अधिक जांच करवाना और अतिरिक्त भुगतान लेने जैसी गड़बड़ियां उजागर हुई हैं।



