बीकानेर: बैंक ग्राहक सेवा केंद्र में लाखों की चोरी की कोशिश नाकाम, नाबालिग समेत 3 दबोचे

24 Jul 2026 BIKANER
Advertisement

लूणकरणसर. कस्बे के सूरतगढ़ साइड रेलवे फाटक के पास स्थित एक बैंक ग्राहक सेवा केंद्र में दिनदहाड़े लाखों रुपये चोरी करने का प्रयास लोगों की सतर्कता से विफल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने एक नाबालिग सहित तीन जनों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।

गल्ले से नकदी निकालकर भाग रहा था नाबालिग

ग्राहक सेवा केंद्र संचालक सतपाल सोखल ने बताया कि वह कुछ देर के लिए पास स्थित अपने घर पानी पीने गया था। वापस लौटने पर देखा कि एक नाबालिग गल्ले से नकदी निकालकर भाग रहा है। शोर मचाने पर उसने रास्ते में रुपये फेंक दिए, लेकिन भागने का प्रयास किया।

रेलवे फाटक बंद होने से पकड़े गए साथी

आसपास मौजूद लोगों ने पीछा कर नाबालिग को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने बताया कि बिना नंबर की एक कैंपर गाड़ी में सवार दो युवक भी उसके साथ हैं। संयोग से उसी समय रेलवे फाटक बंद था, जिससे कैंपर गाड़ी जाम में फंस गई। लोगों ने दोनों युवकों को भी पकड़ लिया।

तीनों पुलिस हिरासत में

सूचना मिलने पर लूणकरणसर पुलिस मौके पर पहुंची और नाबालिग सहित तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना में शामिल अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।

Share: