लूणकरणसर। बीकानेर के लूणकरणसर थाना क्षेत्र में देर रात दर्दनाक हादसा हो गया। सोढ़वाली-बिंझरवाली गांव के बीच जमीन पर पड़ी वायर को काटने का प्रयास कर रहे दो युवक करंट की चपेट में आ गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
कटर तार के संपर्क में आते ही लगा करंट
जानकारी के अनुसार दोनों युवक जमीन पर पड़ी वायर को कटर से काटने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान कटर तार के संपर्क में आया और दोनों युवक करंट की चपेट में आ गए। करंट इतना तेज था कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नहीं हुई
घटना की सूचना मिलने के बाद लूणकरणसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
लूणकरणसर थानाधिकारी महावीर विश्नोई के नेतृत्व में पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों युवक वहां किस उद्देश्य से पहुंचे थे और जमीन पर पड़ी वायर में करंट कैसे आया। पुलिस मृतकों की पहचान के प्रयास कर रही है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि दोनों युवकों की पहचान या उनके बारे में कोई जानकारी हो तो लूणकरणसर पुलिस को सूचित करें।







