लूणकरणसर। थाना क्षेत्र के हंसेरा गांव के पास कंवरसेन लिफ्ट नहर में युवक के गिरने की आशंका के चलते सर्च अभियान चलाया जा रहा है। घटना गुरुवार रात करीब 9 से 10 बजे के बीच की बताई जा रही है, जबकि शुक्रवार सुबह युवक के नहर में गिरने की आशंका का पता चला।
ग्रामीणों के अनुसार हंसेरा गांव निवासी जय नारायण पुत्र केशरदास की बाइक और मोबाइल फोन नहर के किनारे पड़े मिले। बाइक और मोबाइल मिलने के बाद युवक के नहर में गिरने की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस और सामाजिक संस्था टाइगर फोर्स की टीम को सूचना दी गई।
पुलिस और गोताखोर मौके पर
सूचना मिलने पर पुलिस टीम के साथ टाइगर फोर्स अध्यक्ष महिपाल सिंह और गोताखोर साहबराम सांसी मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से नहर में युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
फिलहाल युवक के नहर में गिरने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस और सर्च टीम नहर में संभावित स्थानों पर तलाश कर रही है।






