महाजन। बीकानेर जिले के महाजन कस्बे के निकट रामबाग माइनर के चक 3 आरबीएम स्थित एक खेत में मंगलवार को एक रहस्यमयी ड्रोन मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। खेत में कार्य कर रहे किसानों की नजर ड्रोन पर पड़ने के बाद उन्होंने तुरंत इसकी सूचना महाजन पुलिस को दी।
पुलिस ने ड्रोन को कब्जे में लेकर शुरू की जांच
सूचना मिलते ही महाजन पुलिस मौके पर पहुंची और ड्रोन को अपने कब्जे में लेकर उसकी जांच शुरू कर दी। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि ड्रोन कहां से आया और किन परिस्थितियों में खेत में गिरा। पुलिस तकनीकी जांच के साथ-साथ संबंधित एजेंसियों से भी जानकारी जुटा रही है।
संवेदनशील क्षेत्र होने से बढ़ी सतर्कता
घटना की जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए। महाजन क्षेत्र में सेना की फील्ड फायरिंग रेंज स्थित होने के कारण इस संवेदनशील इलाके के पास ड्रोन का मिलना सुरक्षा एजेंसियों के लिए भी गंभीर माना जा रहा है।
मौके पर पहुंची आर्मी इंटेलिजेंस
जानकारों के अनुसार बरामद ड्रोन आकार में छोटे विमान जैसा दिखाई दे रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सैन्य अधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद आर्मी इंटेलिजेंस की टीम भी मौके पर पहुंच गई। अब ड्रोन की तकनीकी जांच कर यह पता लगाया जा रहा है कि वह किसका है, कहां से आया और उसके खेत में मिलने की वजह क्या है।
फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।



