महाजन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 54 लाख की अवैध शराब जब्त, कैंटर में ले जाई जा रही थीं चंडीगढ़ निर्मित 675 पेटियां

01 Nov 2026 BIKANER
Advertisement
बीकानेर में 54 लाख की अवैध शराब जब्त, 675 पेटियां बरामद

महाजन पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 54 लाख की अवैध शराब जब्त, कैंटर में ले जाई जा रही थीं चंडीगढ़ निर्मित 675

बीकानेर। अवैध शराब तस्करी के खिलाफ महाजन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 675 पेटियां जब्त की हैं। पुलिस ने शराब परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे कैंटर वाहन को भी जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। जब्त शराब की कीमत करीब 54 लाख रुपए बताई जा रही है।

Advertisement

NH-62 पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ा कैंटर

सीआई भजनलाल लावा ने बताया कि सूचना के आधार पर देर रात राष्ट्रीय राजमार्ग-62 पर नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान अरजनसर की ओर से आ रहे एक कैंटर वाहन को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कैंटर में चंडीगढ़ निर्मित अंग्रेजी शराब की 675 पेटियां मिलीं।

शराब के परिवहन के संबंध में चालक से पूछताछ की गई, लेकिन वह संतोषजनक जवाब नहीं दे पाया। इसके बाद पुलिस ने शराब और कैंटर को जब्त कर लिया।

बाड़मेर निवासी 22 वर्षीय युवक गिरफ्तार

पुलिस ने कैंटर चालक दुर्गाराम (22) पुत्र नेहरूराम भील, निवासी कापराऊ, थाना चौहटन, जिला बाड़मेर को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपी से शराब के परिवहन और तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर पूछताछ कर रही है।

54 लाख रुपए बताई जा रही शराब की कीमत

कार्रवाई में जब्त की गई अंग्रेजी शराब की 675 पेटियों की अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपए बताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। इसके साथ ही शराब की खरीद-फरोख्त और परिवहन के नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के निर्देशन में हुई कार्रवाई

यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बीकानेर मृदुल कच्छावा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण बनवारीलाल मीणा के निर्देशन तथा लूणकरणसर वृत्ताधिकारी रणवीरसिंह सांई के सुपरविजन में की गई। थानाधिकारी भजनलाल लावा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।

मामले की जांच सीआई भजनलाल लावा कर रहे हैं। पुलिस आरोपी से अवैध शराब की खरीद-फरोख्त और परिवहन के नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

Advertisement
Share: