नापासर में थार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत, बाइक सवार की मौत, चालक फरार

01 Aug 2026 BIKANER
Advertisement

नापासर। नापासर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर नोरंगदेसर के पास शुक्रवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद थार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब 10 बजे नोरंगदेसर के पास थार और मोटरसाइकिल की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल सवार तेजाराम पुत्र रेखाराम (43), निवासी नोरंगदेसर गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजन घायल तेजाराम को तुरंत पीबीएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद थार चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलने पर नापासर थानाधिकारी कविता पूनिया ने एएसआई कविंद्र कुमार को मौके पर भेजा। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार और मोटरसाइकिल को सड़क से हटाकर यातायात सुचारू कराया तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया।

पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है।

Share: