नापासर में पराली से भरा ट्रेलर पलटा: चालक-खलासी घायल, मंदिर के पास बाल-बाल बची दो बालिकाएं

16 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

नापासर में पराली से भरा ट्रेलर पलटा, बड़ा हादसा टला; स्पीड ब्रेकर की मांग

Napasar News: बीकानेर जिले के नापासर में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा होने से टल गया। नापासर रेलवे स्टेशन के सामने स्थित काली माता मंदिर के पास पराली से भरा एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में ट्रेलर चालक और खलासी को मामूली चोटें आईं।

जानकारी के अनुसार घटना सुबह करीब 6 बजे हुई। पराली से भरा ट्रेलर पंजाब से जसरासर की ओर जा रहा था। काली माता मंदिर के पास बड़ी गोलाई में तेज गति और अधिक भार के कारण ट्रेलर का पिछला हिस्सा असंतुलित हो गया और ट्रेलर सड़क पर पलट गया।

चालक-खलासी को आई मामूली चोटें

हादसे में ट्रेलर चालक और खलासी घायल हुए, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। दोनों पंजाब के फिरोजपुर निवासी बताए जा रहे हैं। राहत की बात रही कि ट्रेलर की चपेट में कोई अन्य वाहन या राहगीर नहीं आया।

मंदिर आई दो बालिकाएं बाल-बाल बचीं

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय मंदिर में दर्शन के लिए आई दो बालिकाएं भी मौके पर मौजूद थीं। ट्रेलर उनकी ओर नहीं गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ ही सेकंड का अंतर बड़ी जनहानि का कारण बन सकता था।

स्थानीय लोगों ने उठाई स्पीड ब्रेकर की मांग

मोहल्ले के लोगों ने बताया कि इस स्थान पर पहले भी कई हादसे हो चुके हैं। स्थानीय निवासी प्रकाश धामा, दिनेश धामा, महावीर धामा और मंदिर पुजारी शिवजी व्यास ने बताया कि यहां यह करीब सातवां हादसा है।

लोगों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना 8 से 10 पराली से भरे ट्रेलर गुजरते हैं। लंबे समय से स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

क्षेत्रवासियों ने पीडब्ल्यूडी विभाग से गोलाई के दोनों ओर जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है, ताकि भविष्य में हादसों को रोका जा सके।

बीकानेर की हर बड़ी खबर के लिए जुड़े रहें।

Share: