नोखा में ऑटो से 9.53 ग्राम एमडी बरामद, 1.06 लाख कैश और जेवरात भी मिले

28 Sep 2026 BIKANER
Advertisement

नोखा में ऑटो से 9.53 ग्राम एमडी बरामद, 1.06 लाख कैश और जेवरात भी मिले

नोखा। नोखा पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए ऑटो से एमडी बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 9.53 ग्राम एमडी, 1 लाख 6 हजार रुपये नकद और जेवरात बरामद किए हैं। कार्रवाई रविवार को एएनटीएफ की सूचना के आधार पर बीकानेर रोड स्थित यूको बैंक के पास की गई।

Advertisement

सूचना पर ऑटो को रुकवाकर तलाशी ली

सब इंस्पेक्टर कुशलाराम के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि बीकानेर रोड स्थित यूको बैंक के पास एक ऑटो चालक मादक पदार्थ बेच रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और संदिग्ध ऑटो को रुकवाकर तलाशी ली।

तलाशी के दौरान ऑटो चालक महेंद्र सिंह राजपूत, निवासी सुजानगढ़ रोड के पास के कब्जे से 9.53 ग्राम एमडी बरामद होने का दावा पुलिस ने किया है। पुलिस ने ऑटो को भी जब्त कर लिया।

कैश और जेवरात भी बरामद

पुलिस के अनुसार आरोपी के पास से 1 लाख 6 हजार रुपये नकद और जेवरात भी मिले हैं। बरामद मादक पदार्थ, नकदी और जेवरात को जांच में शामिल किया गया है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर बरामद मादक पदार्थ और नकदी के स्रोत के साथ ही मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है।

Advertisement
Share: