नोखा की दो नाबालिग बहनों से होटल में दरिंदगी! नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म, वीडियो से ब्लैकमेल का आरोप
नोखा/जोधपुर। नोखा क्षेत्र से सामने आए एक बेहद गंभीर मामले में दो नाबालिग बहनों को बहाने से जोधपुर ले जाकर होटल में दुष्कर्म और आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप सामने आया है। मामले में जोधपुर के महामंदिर पुलिस थाने में जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसे अब नोखा थाने भेजा गया है। पुलिस ने नामजद युवती सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
घुमाने और कपड़ों की सेल का झांसा देकर जोधपुर ले गई युवती
पुलिस को दी गई रिपोर्ट के अनुसार नोखा क्षेत्र निवासी एक युवती 19 जुलाई को अपनी परिचित दो बहनों, जिनकी उम्र 14 और 15 वर्ष बताई गई है, को अपने साथ जोधपुर ले गई। आरोप है कि युवती ने दोनों नाबालिगों को ननिहाल छोड़ने, घूमने और सस्ते कपड़ों की सेल में खरीदारी कराने का झांसा दिया था। इसके बाद तीनों ट्रेन से जोधपुर पहुंचीं।
होटल में पहले से बुलाए थे तीन युवक
रिपोर्ट के मुताबिक जोधपुर पहुंचने के बाद युवती दोनों बहनों को पावटा सी रोड स्थित एक होटल में ले गई। आरोप है कि वहां युवती ने अपने तीन परिचित युवकों को पहले से बुला रखा था। होटल के कमरे में दोनों नाबालिग बहनों को कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाने का आरोप है।
शिकायत के अनुसार नशीला पदार्थ सेवन कराने के बाद दोनों बहनें बेसुध हो गईं। इसी दौरान आरोपियों द्वारा उनके साथ दुष्कर्म करने और आपत्तिजनक फोटो एवं वीडियो बनाने का आरोप लगाया गया है।
वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप
पीड़िताओं के होश में आने के बाद आरोपियों ने कथित तौर पर बनाए गए वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। आरोप है कि इसी धमकी के जरिए दोनों नाबालिग बहनों को डराया-धमकाया गया।
कुछ समय बाद दोनों बहनें किसी तरह अपने घर पहुंचीं। रिपोर्ट के अनुसार इसके बाद मुख्य आरोपी युवती ने दोनों पर दोबारा जोधपुर आकर युवकों से मिलने का दबाव बनाया। बात नहीं मानने पर कथित आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी गई।
परिजनों को बताई पूरी घटना
डरी-सहमी दोनों नाबालिगों ने बाद में पूरी घटना अपनी एक रिश्तेदार को बताई। इसके बाद परिजनों को मामले की जानकारी हुई और उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। जोधपुर के महामंदिर थाने में जीरो नंबरी एफआईआर दर्ज कर मामले को नोखा पुलिस थाने भेजा गया।
पॉक्सो एक्ट में मामला दर्ज, जांच शुरू
नोखा थाना पुलिस के अनुसार नामजद युवती और अन्य युवकों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के साथ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच सीकाऊ के डीवाईएसपी दीपचंद को सौंपी गई है। पुलिस टीम आरोपियों की तलाश के साथ ही मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस जांच के बाद ही घटना से जुड़े सभी तथ्यों और आरोपों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।





