ऑपरेशन नीलकंठ का बड़ा वार! 24 घंटे में 7 नशा तस्कर गिरफ्तार, MD ड्रग्स और अफीम सप्लायर पकड़े
बीकानेर। जिले में नशे के खिलाफ चल रहे ऑपरेशन नीलकंठ के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर सात नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चल रहे अभियान के तहत गंगाशहर थाना पुलिस और कोतवाली थाना पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई की।
गंगाशहर पुलिस ने MD ड्रग्स के साथ पांच युवकों को पकड़ा
गंगाशहर थाना पुलिस ने कोचर सर्किल क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए पूनमचंद नायक और रितिक जीनगर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से 17.10 ग्राम MD ड्रग्स बरामद की। मौके से दो मोटरसाइकिल और एक सवारी वाहन भी जब्त किया गया।
वहीं दूसरी कार्रवाई पाबू चौक क्षेत्र में की गई, जहां पुलिस ने विकास विश्नोई, महादेव राव और नरेंद्र डेलू को गिरफ्तार किया। इनके पास से 2.02 ग्राम MD बरामद हुई। मामले में प्रयुक्त थार वाहन पहले ही जब्त किया जा चुका है।
तीन महीने से फरार अफीम सप्लायर गिरफ्तार
कोतवाली थाना पुलिस ने पुराने एनडीपीएस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन माह से फरार चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने सत्यनारायण राठौड़ (नीमच, मध्यप्रदेश) और घनश्याम सिंह (नागौर) को पकड़ा। दोनों आरोपी अफीम तस्करी मामले में वांछित थे।
पुलिस ने आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया है। जांच में सामने आया कि सत्यनारायण राठौड़ के खिलाफ पहले भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं।
नशे के नेटवर्क की जड़ों तक पहुंचेगी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के अनुसार नशा तस्करों और सप्लायरों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। युवाओं को नशे की ओर धकेलने वाले लोगों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर नशे के पूरे नेटवर्क तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।




