पचपदरा रिफाइनरी उद्घाटन कार्यक्रम में बदलाव, PM मोदी के दौरे का नया प्लान सामने आया
बालोतरा। राजस्थान के बालोतरा जिले के पचपदरा में स्थापित एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी (HRRL) के उद्घाटन समारोह को लेकर बड़ा अपडेट सामने आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 4 जुलाई को प्रस्तावित लोकार्पण कार्यक्रम के स्वरूप में बदलाव किया गया है।
अब नहीं होगी बड़ी जनसभा
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार इस बार कार्यक्रम पहले की तरह विशाल जनसभा के रूप में आयोजित नहीं किया जाएगा। समारोह को रिफाइनरी परिसर के अंदर सीमित और निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत आयोजित करने की तैयारी की जा रही है।
हालांकि प्रधानमंत्री कार्यालय की अंतिम मंजूरी के बाद कार्यक्रम का आधिकारिक शेड्यूल जारी किया जाएगा।
पंडाल निर्माण का काम भी रोका गया
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा 4 जुलाई की तारीख घोषित करने के बाद जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा था। लेकिन गुरुवार सुबह रिफाइनरी के बाहर चल रहे बड़े पंडाल और टेंट निर्माण कार्य को अचानक रोक दिया गया।
सुरक्षा कारणों से बदला फैसला
बताया जा रहा है कि रिफाइनरी जैसे संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र में बड़ी भीड़ जुटाना सुरक्षा एजेंसियों के मानकों के अनुसार चुनौतीपूर्ण माना गया है।
इसके अलावा जुलाई महीने की गर्मी, उमस और मौसम की स्थिति को देखते हुए भी लाखों लोगों की मौजूदगी वाले कार्यक्रम को लेकर प्रशासन सतर्क है।
पहले भी टल चुका था कार्यक्रम
इससे पहले 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री का कार्यक्रम और जनसभा प्रस्तावित थी, लेकिन उससे एक दिन पहले रिफाइनरी की क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट (CDU) में आग लगने की घटना के बाद सुरक्षा कारणों से दौरा टालना पड़ा था।
अब नए स्वरूप में होने वाले उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन अंतिम तैयारियों में जुटा हुआ है।

