PBM अस्पताल में परिजन से मारपीट पर बड़ा एक्शन, टेक्नीशियन और अटेंडेंट हटाए गए

09 Jun 2026 BIKANER
Advertisement

PBM अस्पताल में परिजन से मारपीट पर बड़ा एक्शन: टेक्नीशियन और अटेंडेंट हटाए गए, रेजीडेंट डॉक्टर पर भी कार्रवाई की सिफारिश

बीकानेर. पीबीएम अस्पताल की माइक्रोबायोलॉजी लैब में मरीज के परिजन के साथ मारपीट के मामले में अस्पताल प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए ठेके पर कार्यरत एक टेक्नीशियन और एक अटेंडेंट को सेवा से हटा दिया है। वहीं घटना के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले रेजीडेंट डॉक्टर के खिलाफ भी अनुशासनात्मक कार्रवाई की सिफारिश की गई है।

गौरतलब है कि शनिवार देर रात माइक्रोबायोलॉजी लैब में मरीज के एक परिजन के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जानकारी के अनुसार मरीज का परिजन रिपोर्ट लेने के लिए लैब पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर कर्मचारियों के साथ कहासुनी हो गई।

वायरल वीडियो में दिखाई दिया कि ठेके पर कार्यरत एक टेक्नीशियन मरीज के परिजन को बाल पकड़कर अंदर कमरे में ले जाता है और उसके साथ मारपीट करता है। वहीं एक अन्य अटेंडेंट इस पूरी घटना का वीडियो बनाता नजर आया। वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन हरकत में आया और मामले की जांच शुरू की गई।

जांच कमेटी गठित, दोषियों पर कार्रवाई

घटना की जांच के लिए डॉ. नीति शर्मा, डॉ. अजित बेनीवाल, डॉ. रुबिना कोचर, संजय द्विवेदी और सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र सिंह की कमेटी बनाई गई। सोमवार को पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई, जिसमें जांच रिपोर्ट पर चर्चा के बाद संबंधित टेक्नीशियन और अटेंडेंट को हटाने का निर्णय लिया गया।

पीबीएम अधीक्षक डॉ. बी.सी. घीया ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। ड्यूटी के दौरान अनुपस्थित पाए गए रेजीडेंट डॉक्टर को अनुशासन समिति के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं।

पहले भी विवादों में रही है माइक्रोबायोलॉजी लैब

माइक्रोबायोलॉजी लैब को लेकर इससे पहले भी कई बार विवाद सामने आ चुके हैं। विभिन्न घटनाओं के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था।

यूथ कांग्रेस और एनएसयूआई ने सौंपा ज्ञापन

इस मामले को लेकर यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष भंवर कूकणा और एनएसयूआई अध्यक्ष श्रीकृष्ण गोदारा ने पीबीएम अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि अस्पताल के विभिन्न विभागों, विशेष रूप से माइक्रोबायोलॉजी लैब में मरीजों और उनके परिजनों के साथ मारपीट की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जो चिंताजनक है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन किया जाएगा।

फिलहाल अस्पताल प्रशासन ने मामले में कार्रवाई करते हुए दो कर्मचारियों को हटा दिया है और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

Share: