बीकानेर। पीबीएम अस्पताल में पार्किंग को लेकर सर्जन डॉक्टर और नर्सिंग ऑफिसर के बीच विवाद का मामला सामने आया है। नर्सिंग ऑफिसर ने डॉक्टर पर ड्यूटी के दौरान अभद्र व्यवहार और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। घटना के बाद नर्सिंग कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार की चेतावनी देते हुए डॉक्टर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई और माफी की मांग की है।
पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद
सीनियर नर्सिंग ऑफिसर श्योपतराम ने पीबीएम अधीक्षक को ज्ञापन देकर मामले की शिकायत की है। ज्ञापन में उन्होंने बताया कि वे अपने कार्यालय में नर्सिंग संबंधी कार्य कर रहे थे। इसी दौरान सीनियर डॉक्टर आर.के. काजला वहां आए और उनकी गाड़ी पार्किंग से हटाने को लेकर विवाद हुआ।
श्योपतराम का आरोप है कि डॉक्टर ने उनके साथ बदतमीजी करते हुए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गाड़ी पार्किंग से नहीं हटाने पर जूते मारने की धमकी दी। शिकायत में डॉक्टर पर गाड़ी तुड़वाकर फिंकवाने और पुलिस बुलाकर कार्रवाई करवाने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
नर्सिंग ऑफिसर ने की अनुशासनात्मक कार्रवाई की मांग
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि डॉ. आर.के. काजला की ट्रॉमा सेंटर में ड्यूटी नहीं थी, इसके बावजूद वे वहां आए और नर्सिंग ऑफिसर के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किया। नर्सिंग ऑफिसर ने डॉक्टर के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
कार्य बहिष्कार की चेतावनी
नर्सिंग कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में कार्रवाई नहीं की गई तो ट्रॉमा सेंटर के सभी नर्सिंग ऑफिसर्स कार्य बहिष्कार जैसा कदम उठा सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित होने पर इसकी जिम्मेदारी पीबीएम प्रशासन की होगी।
फिलहाल मामले को लेकर नर्सिंग कर्मचारियों में नाराजगी है और प्रशासन से शिकायत पर कार्रवाई की मांग की जा रही है।






